राज्य
31-Mar-2026
...


- मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के भरोसेमंद अधिकारियों में से एक हैं अश्विनी भिड़े - मुंबई मनपा में अतिरिक्त आयुक्त के तौर पर काम चुकी हैं अश्विनी भिड़े मुंबई, (ईएमएस)। मेट्रो वुमन के नाम से मशहूर अश्विनी भिड़े की दूरदर्शिता और कार्यकुशलता अब मुंबई की सड़कों, सफाई, स्वास्थ्य और इंफ्रास्ट्रक्चर को नई गति देगी।जी हाँ, आईएएस अधिकारी अश्विनी भिड़े को मुंबई महानगरपालिका का आयुक्त चुना गया है। यानि देश की सबसे अमीर महानगरपालिका की कमान अब एक महिला अधिकारी ने संभाल ली है। दरअसल मनपा का आयुक्त किसे नियुक्त किया जाएगा, इस पर कुछ दिनों से सस्पेंस था जो अब खत्म हो गया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री ने सोमवार देर रात एक बैठक की, जिसमें इस बात पर चर्चा हुई कि मनपा का आयुक्त किसे बनाया जाए। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे सोमवार रात मुख्यमंत्री से मिलने गए थे। इस अचानक दौरे की वजह को लेकर काफी चर्चा हुई। मगर कुछ ही देर बाद जब अश्विनी भिड़े के नाम की घोषणा हुई तब इस दौरे के पीछे की वजह सामने आ गई। अपने लंबे प्रशासनिक अनुभव और अनुशासित काम के लिए जानी जाने वाली अश्विनी भिड़े की नियुक्ति को महाराष्ट्र सरकार का बहुत अहम फैसला माना जा रहा है। मौजूदा आयुक्त भूषण गगरानी का टर्म 31 मार्च को खत्म हुआ, इसलिए भिड़े अब उनकी जगह मुंबई की कमान संभालेंगी। आपको बता दें कि पिछले कुछ दिनों से मुंबई मनपा के आयुक्त पद के लिए राजनीतिक हलचल तेज थी। सूत्रों की मानें तो उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे इस पद के लिए असीम गुप्ता के नाम की मांग कर रहे थे। दूसरी ओर, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस अश्विनी भिड़े के नाम पर अड़े हुए थे। इन दोनों वरिष्ठ नेताओं के बीच बातचीत के बाद सोमवार रात को हुई बैठक में आखिरकार अश्विनी भिड़े के नाम को मंजूरी दे दी गई। इस बीच चर्चा ये भी है कि अश्विनी भिड़े ने सोमवार को उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से उनके नंदनवन स्थित घर पर मुलाकात की। दोनों के बीच आधे घंटे तक चर्चा हुई। उसके बाद सोमवार देर रात मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के बीच हुई बैठक में अश्विनी भिड़े को आयुक्त बनाए जाने को लेकर मंजूरी दे दी गई।। - कौन है अश्विनी भिड़े ? अश्विनी भिड़े 1995 बैच की आईएएस अधिकारी हैं। उन्होंने अब तक कई अहम जिम्मेदारियां सफलतापूर्वक निभाई हैं। वह अभी मुख्यमंत्री कार्यालय में अतिरिक्त मुख्य सचिव के पद पर काम कर रही हैं। इसके साथ ही, वह मुंबई मेट्रो प्रोजेक्ट के मैनेजिंग डायरेक्टर के पद की जिम्मेदारी भी संभाल रही हैं। उनके काम को देखते हुए उन्हें मेट्रो वुमन के नाम से जाना जाता है। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी समय-समय पर उनके काम की तारीफ कर चुके हैं। - मेट्रो प्रोजेक्ट्स में सफल करियर और अनुभव अश्विनी भिड़े पहले भी मुंबई के सबसे बड़े अंडरग्राउंड मेट्रो प्रोजेक्ट की जिम्मेदारी सफलतापूर्वक संभाल चुकी हैं। बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स को समय पर पूरा करने में उनकी एक्सपर्टीज़ ने एडमिनिस्ट्रेशन में उनकी मज़बूत पकड़ बनाई है। उन्हें मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के भरोसेमंद अधिकारियों में से एक माना जाता है। पहले मुंबई मनपा में अतिरिक्त आयुक्त के तौर पर काम करने के कारण, उन्हें शहर के प्रशासन की बारीकियों की अच्छी समझ है। - मुंबई की प्रशासनिक चुनौतियाँ और विकास नई कमिश्नर के तौर पर चार्ज लेते समय, अश्विनी भिड़े के सामने मुंबई के प्री-मॉनसून कामों, सड़कों की कंक्रीटिंग और कई पेंडिंग प्रोजेक्ट्स को पटरी पर लाने की बड़ी चुनौती होगी। मुंबई की शहरी समस्याओं को हल करते हुए वह प्रशासनिक पारदर्शिता लाने पर फोकस कर सकती हैं। उम्मीद है कि उनकी नियुक्ति से मुंबई के विकास को नई तेज़ी मिलेगी और पेंडिंग काम समय पर पूरे होंगे। मुंबई के इतिहास में अहम पदों पर रहीं वे प्रभावशाली महिला अधिकारी बन गई हैं। ‎स्वेता/संतोष झा-३१ मार्च/२०२६/ईएमएस