31-Mar-2026
...


गुना (ईएमएस)। शहर के हड्डी मिल, जगनपुर वार्ड क्रमांक 21 के रहवासियों ने मंगलवार को बड़ी संख्या में कलेक्टोरेट पहुंचकर अपने मकानों को जबरन तोड़े जाने की आशंका को लेकर कलेक्टर से गुहार लगाई। रहवासियों ने आवेदन देकर आरोप लगाया कि एक कॉलोनाइजर द्वारा उन्हें लगातार मकान खाली करने और तोडऩे की धमकियां दी जा रही हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में भय का माहौल है। आवेदन में रेखा अफरोज, सरिता, बीबाबानो, फिजा, सुमनत्रा और रिहान खान सहित अन्य रहवासियों ने बताया कि वे पिछले 15 से 20 वर्षों से यहां निवास कर रहे हैं और मजदूरी कर अपना जीवन यापन करते हैं। कई परिवार आर्थिक रूप से कमजोर हैं और कुछ सदस्यों की स्थिति विकलांगता से भी जुड़ी है। ऐसे में अचानक मकान तोड़े जाने की कार्रवाई उनके सामने रहने का गंभीर संकट खड़ा कर देगी। इस संबंध में हड्डी मिल निवासी ब्रजेश सिंह ने बताया कि करीब दो दर्जन परिवारों के मकान वर्षों पुराने हैं, लेकिन ग्वालियर की एक कंपनी के अधिकारी-कर्मचारी आकर उन्हें हटाने की धमकी दे रहे हैं। रहवासियों के अनुसार जब वे जमीन संबंधी दस्तावेज या आदेश की जानकारी मांगते हैं तो उन्हें डराया-धमकाया जाता है। हाल ही में पीएम आवास योजना के तहत बनी बाउंड्री भी तोड़ दी गई और कुछ लोगों के घरों में घुसकर झंडे गाड़ दिए गए। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने रहवासियों को आश्वस्त किया कि बिना जांच के किसी के भी मकान नहीं तोड़े जाएंगे। उन्होंने पूरे प्रकरण की जांच कराने और उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद रहवासियों ने राहत की सांस ली और निष्पक्ष जांच की मांग दोहराई। - सीताराम नाटानी