बिलासपुर (ईएमएस)। वित्तीय वर्ष की समाप्ति के मद्देनजर व्यापारियों को जीएसटी, आयकर एवं अकाउंट्स से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी देने के उद्देश्य से कैट बिलासपुर एवं सीए एसोसिएशन बिलासपुर के संयुक्त तत्वाधान में आईसीए भवन, व्यापार विहार में शैक्षणिक सेमिनार आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शहर के बड़ी संख्या में व्यापारी शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत कैट बिलासपुर अध्यक्ष हीरानंद जयसिंह के स्वागत उद्बोधन से हुई, वहीं कैट के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जितेंद्र गांधी ने संगठन की गतिविधियों की जानकारी दी। इसके बाद मेकिंग मार्च मीनिंगफुल विषय पर सीए कपिल सचदेव ने विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि जैसे हम अपनी सेहत का ध्यान रखते हैं, वैसे ही अकाउंट्स, जीएसटी और आयकर का नियमित रूप से परीक्षण करना जरूरी है। उन्होंने व्यापारियों को हर एक-दो माह में एंट्री जांचने और साल में कम से कम दो-तीन बार सीए से परामर्श लेने की सलाह दी, ताकि भविष्य में टैक्स देनदारी या पेनल्टी से बचा जा सके।इसके अलावा आशीष कुमार अग्रवाल ने म्यूचुअल फंड और शेयर बाजार में निवेश के सुरक्षित तरीकों की जानकारी दी। कार्यक्रम में विभिन्न व्यापारी संघों के पदाधिकारियों का सम्मान भी किया गया।सेमिनार में सीए मंगलेश पांडे, उदय चौरसिया, मनीष सखुजा सहित कैट के कई पदाधिकारी और शहर के व्यापारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन परमजीत उबेजा एवं विष्णु गुप्ता ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन आशीष अग्रवाल ने किया। मनोज राज 31 मार्च 2026