बिलासपुर (ईएमएस)। रेलवे संरक्षा और संचार व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में भारतीय रेलवे ने एक अहम कदम उठाया है। महाप्रबंधक तरुण प्रकाश के निर्देशन में भनवारटंक स्टेशन पर अत्याधुनिक टनल कम्युनिकेशन सिस्टम सफलतापूर्वक स्थापित कर शुरू कर दिया गया है। इस प्रणाली से स्टेशन और अप-डाउन सुरंग खंडों के बीच निर्बाध संचार संभव हो गया है। यह सिस्टम उन्नत वीएचएफ तकनीक पर आधारित है, जो सुरंग जैसे कठिन वातावरण में भी मजबूत संचार सुनिश्चित करता है। ऑप्टिकल ट्रांसमिशन और रेडियो फ्रीक्वेंसी के संयोजन से पूरी सुरंग में सिग्नल कवरेज उपलब्ध कराया गया है। आधुनिक तकनीक से सशक्त संचार प्रणाली में ऑप्टिकल मास्टर यूनिट (ओएमयू) और ऑप्टिकल रिमोट यूनिट्स (ओआरयू) का उपयोग किया गया है, जो रेडियो सिग्नलों को फाइबर नेटवर्क के जरिए प्रसारित करते हैं। लीकी केबल तकनीक से सुरंग के भीतर भी निरंतर सिग्नल मिलता रहेगा। सुरक्षा और दक्षता में बढ़ोतरी कमीशनिंग के दौरान सिग्नल गुणवत्ता, ऑप्टिकल लिंक और बैकअप सिस्टम की व्यापक जांच की गई। यह सिस्टम 146–163 मेगाहर्ट्ज बैंड पर कार्य करता है और आपात स्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करेगा। इससे ट्रेन संचालन अधिक सुरक्षित और प्रभावी होगा। मनोज राज 31 मार्च 2026