31-Mar-2026
...


बिलासपुर (ईएमएस)। बिलासपुर मंडल में सोमवार को ऑल इंडिया एससी/एसटी रेलवे कर्मचारी संगठन के पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण अनौपचारिक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन ने की, जिसमें रेलवे प्रशासन और संगठन के बीच विभिन्न मुद्दों पर सकारात्मक और रचनात्मक चर्चा हुई। - अधिकारियों व संगठन के बीच हुआ सीधा संवाद मंडल सभाकक्ष में आयोजित इस बैठक में अपर मंडल रेल प्रबंधक जे.एस. मीना सहित सभी शाखाधिकारी मौजूद रहे। वहीं संगठन की ओर से अध्यक्ष शिवमंगल, जोनल सचिव प्रभात पासवान और अन्य पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों की समस्याओं को सीधे सुनना और उनके समाधान पर विचार करना रहा। - पेंशन, पदोन्नति और आवास जैसे मुद्दों पर चर्चा बैठक के दौरान एससी/एसटी कर्मचारियों के कल्याण से जुड़े कई अहम विषयों को उठाया गया। इनमें पेंशन संबंधी समस्याएं, पदोन्नति में देरी, स्थानांतरण, आवास की जरूरतें और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दे प्रमुख रहे। इन सभी विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। - समस्याओं के समाधान का भरोसा डीआरएम राकेश रंजन ने संगठन के पदाधिकारियों को आश्वस्त किया कि कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए, ताकि समस्याओं का जल्द निराकरण हो सके। मनोज राज 31 मार्च 2026