गुना (ईएमएस)।धर्मांतरण के बाद भी अनुसूचित जाति एवं जनजाति के प्रावधानों के कथित दुरुपयोग के विरोध में मंगलवार को सवर्ण आर्मी के नेतृत्व में समाज के लोगों ने कलेक्टोरेट पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। इस दौरान जिला अध्यक्ष विक्रम सिंह तोमर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहे। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि कुछ लोग धर्मांतरण के बाद भी एससी-एसटी वर्ग के लिए निर्धारित संवैधानिक लाभों का उपयोग कर रहे हैं, जिससे वास्तविक पात्र लोगों के अधिकार प्रभावित हो रहे हैं। संगठन ने इसे गंभीर मुद्दा बताते हुए प्रशासन से इसकी निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। समाज के प्रतिनिधियों का कहना है कि धर्मांतरण के पश्चात आरक्षण लाभ जारी रखना न्यायसंगत नहीं है और इससे शासन की नीतियों का उद्देश्य प्रभावित होता है। उन्होंने प्रशासन से ऐसे मामलों की सूची तैयार कर संबंधित व्यक्तियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की, ताकि वास्तविक पात्र लोगों को उनका अधिकार मिल सके। ज्ञापन के माध्यम से मुख्यमंत्री तक भी यह विषय पहुंचाने का प्रयास किया गया है। संगठन ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कदम उठाएगा और स्पष्ट नीति बनाकर इस तरह के मामलों पर रोक लगाएगा।।- सीताराम नाटानी