रतलाम,(ईएमएस)। रतलाम में जीएसटी विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) भोपाल की टीम ने असिस्टेंट कमिश्नर शंकर परमार को 1.50 लाख रुपये की रिश्वत स्वीकार करते समय दबोच लिया। अधिकारी पर आरोप है कि उन्होंने एक व्यापारी की फर्म के खिलाफ प्रस्तावित जीएसटी कार्रवाई को रोकने के बदले 5 लाख रुपये की मांग की थी। जानकारी के अनुसार, 30 जनवरी को व्यापारी ने सीबीआई से शिकायत की थी कि असिस्टेंट कमिश्नर कार्रवाई नहीं करने के एवज में मोटी रकम मांग रहे हैं। शिकायत की प्राथमिक जांच के बाद सीबीआई ने मामला सही पाए जाने पर ट्रैप प्लान तैयार किया। बताया गया कि आरोपी ने बिचौलिए सुरेश मनसुखानी के माध्यम से रिश्वत की मांग रखी थी। मंगलवार शाम करीब 5.30 बजे सीबीआई टीम ने जाल बिछाया। तय योजना के तहत व्यापारी ने बिचौलिए को 1.50 लाख रुपये सौंपे, जिसके बाद टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए असिस्टेंट कमिश्नर को गिरफ्तार कर लिया। मौके से रिश्वत की राशि भी बरामद की गई। सीबीआई ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि इस पूरे प्रकरण में अन्य किसी की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद जीएसटी विभाग में हड़कंप मच गया है और मामले को प्रशासनिक स्तर पर भी गंभीरता से लिया जा रहा है। नंदिनी परसाई/ 1 अप्रैल2026