क्षेत्रीय
01-Apr-2026
...


जांजगीर-चांपा(ईएमएस)। जिले में महिला संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से एक नया महिला थाना स्थापित किया गया है। यह थाना पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सामने स्थित परिवार परामर्श केंद्र के भवन में बनाया गया है। उद्घाटन समारोह में बिलासपुर रेंज के आईजी राम गोपाल गर्ग और कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने फीता काटकर थाने का शुभारंभ किया। महिला थाना के प्रभारी के रूप में उप निरीक्षक सिलमानी टोप्पो को तैनात किया गया है। उनके साथ 11 महिला कर्मचारियों की भी पदस्थापना की गई है। आईजी राम गोपाल गर्ग ने महिला संबंधी अपराधों की सुनवाई को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह महिला थाना महिलाओं को अपनी शिकायतें सुरक्षित और सुविधाजनक तरीके से दर्ज कराने का मंच प्रदान करेगा। इसके अलावा, उन्होंने साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी और मोबाइल ठगी रोकने के लिए नागरिकों से सतर्क रहने का आह्वान किया। आईजी ने बताया कि मोबाइल ऐप के माध्यम से साइबर अपराधों पर निगरानी रखी जा रही है। थानों की कार्यप्रणाली और नागरिक अनुभव को बेहतर बनाने के लिए सभी थानों में ‘अनुभव ऐप’ और क्यूआर कोड लगाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके माध्यम से फरियादी या कोई भी व्यक्ति अपना अनुभव और सुझाव सीधे अधिकारियों से साझा कर सकेगा। सत्यप्रकाश(ईएमएस)01अप्रैल 2026