-निर्माण पूरा होने से 60 से ज्यादा गांव के लोगों को आवागमन में मिलेगी सहूलियत महसी,(ईएमएस)। बहराइच-सीतापुर हाईवे स्थित कल्याणपुरवा से एरिया-किसानगंज होते हुए तहसील मुख्यालय तक 21.4 किलोमीटर लंबी सड़क के सुदृढ़ीकरण और चौड़ीकरण का काम 46 करोड़ 12 लाख की लागत किया जाएगा। इस सड़क के पूरा होने क्षेत्र के 60 से ज्यादा गांव के लोगों को आने जाने में राहत मिलेगी। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक सरकार ने गांवों को मुख्य मार्गों से जोड़ने के लिए बेहतर सड़कों का वादा किया है। इस कड़ी में बहराइच-सीतापुर हाईवे स्थित कल्याणपुरवा के चैनेज 0.000 से महेशपुरवा स्थित 21.400 किलोमीटर तक 5.5 मीटर चौड़ी सड़क के निर्माण को मंजूरी दी है। इसके लिए दो करोड़ 25 लाख 27 हजार की धनराशि की मंजूरी दी। बता दें तहसील मुख्यालय तक जाने के लिए यह सीधा रास्ता है। वर्तमान में यह सड़क 3.5 मीटर चौड़ी है। ग्रामीणों की मांग पर महसी विधायक सुरेश्वर सिंह ने मुख्यमंत्री से मिलकर सड़क चौड़ीकरण का प्रस्ताव सौंपा। अवर अभियंता विशद सिंह ने बताया कि वित्तीय स्वीकृति मिल चुकी है। टेंडर प्रक्रिया के बाद निर्माण शुरू करा दिया जाएगा। रिपोर्ट के मुताबिक तहसील, ब्लाक मुख्यालय के साथ सीएचसी व अन्य कार्यालयों तक पहुंचने के लिए यह सीधा रास्ता है। इसके निर्माण से बैकुंठा, एरिया, पिपरा, किसानगंज मरवट, धनौली, फत्तेपुरवा, भगवानपुर, हरदी गौरा, लखनापुर, सधुवापुर, चांदपारा समेत 15 ग्राम पंचायतों के 60 से ज्यादा गांव के लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी। इस मार्ग के बीच 6.5 किलोमीटर तटबंध पड़ता है। बारिश के समय कई स्थानों पर रेनकट हो जाते हैं। चौड़ीकरण से तटबंध भी मजबूती मिलेगी। महसी विधायक ने कहा कि बीजेपी सरकार बेहतर सड़कों के निर्माण को लेकर कटिबद्ध है। सिराज/ईएमएस 01अप्रैल26