राज्य
01-Apr-2026


-तीन महीनों में जिले में हाथियों के हमले से अब तक 25 लोगों की हो चुकी है मौत चाईबासा,(ईएमएस)। पश्चिमी सिंहभूम जिले में जंगली हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बरकुंडिया गांव के तुरामडीह टोला में एक जंगली हाथी ने हमला कर महिला चांदो देवी (56) को मौत के घाट उतार दिया, जबकि एक अन्य पुजारी गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि तांतनगर प्रखंड के कुम्बराम गांव निवासी चांदो देवी पूजा-पाठ का कार्य करती थीं। सोमवार रात वह बरकुंडिया गांव स्थित मंदिरनुमा झोपड़ी में भोजन के बाद पूजा कर सो रही थीं। इसी दौरान जंगल की ओर से आए हाथी ने झोपड़ी पर हमला कर दिया और चांदो देवी को उठाकर पटक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के समय साथ मौजूद पुजारी लखन कुदादा पर भी हाथी ने हमला कर दिया, लेकिन वह किसी तरह जान बचाकर भागने में सफल रहे। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने टॉर्च व मशाल के सहारे हाथी को खदेड़ा। घटना के बाद चांदो देवी और घायल लखन कुदादा को सदर अस्पताल लाया गया, इस बीच रास्ते में ही चांदो देवी ने दम तोड़ दिया, जबकि लखन कुदादा का इलाज अस्पताल के आईसीयू में चल रहा है। ग्रामीण जवरा कुदादा ने बताया कि तीनों मिलकर पूजा-पाठ का कार्य करते थे। अचानक हाथी के हमले में यह दुखद घटना हुई। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हाथी को जंगल की ओर खदेड़ा। विभाग ने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने का आश्वासन दिया है। गौरतलब है कि पिछले तीन महीनों में जिले में हाथियों के हमले से 25 लोगों की मौत हो चुकी है। राज्य में सबसे ज्यादा हाथी पश्चिमी सिंहभूम में होने के कारण मानव-हाथी संघर्ष की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। सोमवार की घटना के बाद आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। सिराज/ईएमएस 01अप्रैल26