बिलासपुर (ईएमएस)। मस्तूरी थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के किनारे मिली अज्ञात युवती की लाश की गुत्थी पुलिस ने महज एक दिन में सुलझा ली। जांच के दौरान पता चला कि मृतका खैरागढ़ थाना क्षेत्र से अपहृत नाबालिग है। मस्तूरी थाना क्षेत्र में 29 मार्च को रेलवे गार्ड द्वारा सूचना दी गई कि ग्राम किसान परसदा के पास रेलवे ट्रैक किनारे एक अज्ञात युवती का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मर्ग कायम कर जांच शुरू की। मृतका की पहचान के लिए पुलिस ने सोशल मीडिया और समाचार माध्यमों का सहारा लिया। इसी दौरान 30 मार्च की देर रात खैरागढ़ थाना प्रभारी से संपर्क हुआ, जिन्होंने बताया कि उनके थाने में अपराध क्रमांक 133/26 के तहत एक नाबालिग के अपहरण का मामला दर्ज है और उसका हुलिया मस्तूरी में मिली अज्ञात युवती से मेल खा रहा है। 31 मार्च को ग्राम चिचोला, ठेलकाडीह से मृतका के परिजन मस्तूरी पहुंचे और शव की पहचान की पुष्टि की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिन्हें अंतिम संस्कार के लिए उनके गृह ग्राम रवाना किया गया। मामले में आगे की कार्रवाई खैरागढ़ थाना पुलिस द्वारा की जा रही है। मनोज राज 01 अप्रैल 2026