अंतर्राष्ट्रीय
01-Apr-2026
...


-करनाली प्रांत में तड़के लगे भूकंप के झटके, कई जिलों में महसूस हुई कंपन काठमांडू,(ईएमएस)। नेपाल में बुधवार तड़के एक बार फिर भूकंप के झटके महसूस किए गए। अधिकारियों के अनुसार करनाली प्रांत के मुगु जिले में रिक्टर पैमाने पर 4.0 तीव्रता का भूकंप आया। भूकंप निगरानी एवं अनुसंधान केंद्र के मुताबिक इसका केंद्र मुगु जिले के धैनाकोट क्षेत्र में था। झटके आसपास के जिलों—हुमला, जुमला और कालिकोट में भी महसूस किए गए। फिलहाल किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। अधिकारियों के अनुसार वर्तमान भूकंप से किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है, लेकिन प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। इससे पहले 29 मार्च 2026 को भी नेपाल के सिंधुपालचोक जिले में 4.5 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था। उसका केंद्र नुल्थाला खर्का क्षेत्र के पास था, जो राजधानी काठमांडू से करीब 80 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में स्थित है। उस दौरान भी काठमांडू सहित कई इलाकों में झटके महसूस किए गए थे। क्यों बार-बार आता है भूकंप? नेपाल भूकंपीय दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील क्षेत्र में आता है। यह हिमालयी क्षेत्र के नीचे स्थित है, जहां टेक्टोनिक प्लेट—विशेष रूप से भारतीय और यूरेशियन प्लेट—आपस में टकराती हैं। इसी टकराव के कारण क्षेत्र में लगातार भूगर्भीय हलचल बनी रहती है। हर साल कई छोटे-बड़े भूकंप आते हैं। नेपाल में 90 से अधिक सक्रिय फॉल्ट लाइनें होने के कारण इसे दुनिया के सबसे उच्च भूकंपीय जोखिम वाले क्षेत्रों में गिना जाता है। हिदायत/ईएमएस 01अप्रैल26