ट्रेंडिंग
01-Apr-2026
...


गुवाहाटी,(ईएमएस)। कांग्रेस महासचिव और सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने असम के नाजिरा में रैली के दौरान राज्य और केंद्र सरकारों की तीखी आलोचना कर लोगों से उस सरकार को खारिज करने की अपील की, जिसे उन्होंने दोहरी गुलामी की सरकार बताया और कांग्रेस के नेतृत्व वाले गठबंधन को वोट देने की अपील की। उन्होंने कहा कि भाजपा ने चाय बागान श्रमिकों की दैनिक मजदूरी बढ़ाने का वादा किया था, लेकिन ऐसा नहीं किया, वे आज भी संघर्ष कर रहे हैं। कांग्रेस नेत्री प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि असम के जनजातीय समुदाय वर्षों से अनुसूचित जनजाति का दर्जा मांग रहे हैं, लेकिन भाजपा यह दर्जा देने में नाकाम रही है। उन्होंने दावा किया कि असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार में शामिल हैं। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि वे आपके लिए तभी काम करते हैं जब उन्हें इसमें अपना कोई लाभ दिखात है। यह इस देश की परंपरा नहीं रही है। आज भी हम असम में ऐसी सरकार चाहते हैं जो आपको डराए नहीं, धमकाए नहीं, अपने स्वार्थों की पूर्ति न करे, बल्कि आपकी सेवा करे, ईमानदारी से आपके लिए काम करे, आपकी संस्कृति और सभ्यता को आगे बढ़कर मजबूत करे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा पर निशाना साधकर भाजपा के दो इंजन वाली सरकार के नारे को विफल बताया। उन्होंने भाजपा पर असम की जनता को दबाने का आरोप लगाया और मतदाताओं से भय पर आधारित राजनीति को नकारने का आग्रह किया। प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि उन्होंने दो इंजन वाली सरकार की बात की थी। क्या उन्होंने बीते चुनाव में ऐसा नहीं कहा था? मोदी जी आकर कहते थे कि अब वे दो इंजन वाली सरकार चलाएंगे। लेकिन उन्होंने दोहरी गुलामी की सरकार चलाई है। मोदी जी अमेरिका के गुलाम बन गए हैं और उनकी नीतियों के कारण आज पूरा देश संकट में है। और हेमंत जी मोदी जी के गुलाम हैं। प्रियंका गांधी वाड्रा ने असमिया गायक जुबीन गर्ग को न्याय दिलाने के मुद्दे पर त्वरित कार्रवाई का वादा किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार जुबीन गर्ग को न्याय दिलाना चाहती है। हमारी सरकार बनते ही 100 दिनों के भीतर हम उन्हें न्याय दिलाएंगे। आशीष दुबे / 01 अप्रैल 2026