मुंबई (ईएमएस)। टीवी शो के एक ताजा एपिसोड में अभिनेता अक्षय कुमार ने एक कंटेस्टेंट को जीवन का अहम सबक देते हुए बताया कि जिंदगी में कुछ भी असंभव नहीं होता और हमें कभी भी खुद को सीमित नहीं समझना चाहिए। दरअसल, शो के दौरान कंटेस्टेंट स्तुति ने अपनी सोच साझा करते हुए कहा कि उसे लगता है कि कुछ लोग उसकी “लीग” से बाहर होते हैं। उसने बताया कि वह लंबे समय से शाहरुख खान को पसंद करती थीं और जब उनकी शादी गौरी खान से हुई, तो उनका दिल टूट गया। इसके बाद उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि अगर शाहरुख नहीं तो आर्यन खान सही, लेकिन फिर उन्हें लगा कि आर्यन भी उनकी पहुंच से बाहर हैं। कंटेस्टेंट की इस बात पर अक्षय कुमार ने उसे समझाते हुए कहा कि जिंदगी में किसी भी चीज को अपनी पहुंच से बाहर मान लेना सही नहीं है। उन्होंने कहा कि इंसान को हमेशा अपने सपनों पर विश्वास रखना चाहिए और अवसर मिलने पर उसे अपनाने के लिए तैयार रहना चाहिए। अक्षय ने अपनी निजी जिंदगी का उदाहरण देते हुए बताया कि उनकी शादी टिवंकल खन्ना से हुई है, जो दिवंगत सुपरस्टार राजेश खन्ना और अभिनेत्री डिंपल कपाडिया की बेटी हैं। उन्होंने अपने बचपन की यादें साझा करते हुए कहा कि जब वह छोटे थे, तब उनके माता-पिता उन्हें मुंबई के कार्टर रोड और बैंडस्टैंड घुमाने ले जाते थे, जहां वे दूर से राजेश खन्ना को देखा करते थे। उन्होंने बताया कि उस समय उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि एक दिन वह उसी सुपरस्टार के दामाद बनेंगे। अक्षय ने कहा कि जिंदगी में कई ऐसी घटनाएं होती हैं, जिनकी हम कल्पना भी नहीं कर सकते, लेकिन समय के साथ वे हकीकत बन जाती हैं। अभिनेता ने जोर देते हुए कहा कि किसी को भी यह सोचकर खुद को सीमित नहीं करना चाहिए कि कोई सपना या व्यक्ति उसकी पहुंच से बाहर है। उन्होंने अपने जीवन के इस अनुभव के जरिए यह साबित किया कि मेहनत, आत्मविश्वास और सही मौके के साथ कोई भी इंसान अपनी जिंदगी में बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकता है। सुदामा/ईएमएस 02 अप्रैल 2026