क्षेत्रीय
02-Apr-2026
...


जशपुर(ईएमएस)। जिले के ईसाई सामाजिक संगठनों ने प्रस्तावित धर्म स्वतंत्र अधिनियम के खिलाफ जोरदार धरना और रैली का आयोजन किया। जिले भर से आए मसीही समाज के लोगों ने एकजुट होकर कानून के खिलाफ नारेबाजी की और इसे रद्द करने की मांग करते हुए प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। सुबह से ही जिले के आठों विकासखंडों से लोग कुनकुरी में जुटने लगे। बस, पिकअप, ट्रैक्टर और अन्य वाहनों से सैकड़ों लोग रणजीता स्टेडियम चौक के पास एकत्रित हुए। यहां से रैली निकाली गई, जो शहर के प्रमुख मार्गों—सिटी कोतवाली, जय स्तंभ चौक, महाराजा चौक, बजरंग बली चौक और पुरानी टोली से होकर वापस स्टेडियम पहुंची। ईसाई आदिवासी महासभा के जिला अध्यक्ष वाल्टर कुजूर ने आरोप लगाया कि प्रस्तावित कानून का उद्देश्य धर्मांतरण रोकना नहीं, बल्कि ईसाई समुदाय को परेशान करना है। जिला महासचिव सिहासन मिंज ने कहा कि कानून के तहत बिना पूरी जांच के एकपक्षीय कार्रवाई का प्रावधान है, जिससे झूठे मामलों में लोगों को फंसाया जा सकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कानून वापस नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। सत्यप्रकाश(ईएमएस)02 अप्रैल 2026