रायगढ़(ईएमएस)। जिले के देवांगन धर्मशाला के पास एक दुकान में राशन लेने जा रही सेल्स गर्ल के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। महिला थाना पुलिस ने इस मामले में चांदनी चौक निवासी प्रशांत सोनी (24) को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका साथी बाटली खान अभी फरार है। जानकारी के मुताबिक, युवती रात लगभग 10 बजे ड्यूटी के बाद घर लौट रही थी। राशन लेने के लिए दुकान पर रुकने पर आरोपी प्रशांत और बाटली वहां पहुंचे। आरोपियों ने युवती को घूरते हुए उसके बाल खींचे और अश्लील हरकतें की। विरोध करने पर आरोपी भाग निकले। डर के कारण युवती तत्काल अपने गांव चली गई थी।युवती वापस लौटकर महिला थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी प्रशांत सोनी को गिरफ्तार कर लिया और पूछताछ में उसने बाटली खान के साथ मिलकर वारदात करने की बात स्वीकार की। फरार आरोपी बाटली खान की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और उसे जल्द पकड़ने की कोशिश में जुटी हैं। सत्यप्रकाश(ईएमएस)02 अप्रैल 2026