गुना (ईएमएस)। जिले के मधुसूदनगढ़ थाना अंतर्गत भोपाल रोड पर एक दर्दनाक सडक़ हादसा हो गया। लापरवाही पूर्वक चलाए जा रहे एक आईसर ट्रैक्टर ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें एक युवक की मौत हो गई और दूसरा गंभीर रूप से घायल है। जानकारी के अनुसार, भडेर नदी निवासी मुकेश उर्फ छोटू पिता बाबूलाल केवट और उसका भतीजा हेमंत केवट अपनी टीवीएस स्पोर्ट्स बाइक से सुबह करीब 8 बजे मधुसूदनगढ़ बाजार की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे ईदगाह के पास पहुंचे, सामने से आ रहे ट्रैक्टर क्रमांक एमपी 08-9225 के चालक ने तेजी और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सडक़ पर गिरकर लहूलुहान हो गए। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मुकेश को मृत घोषित कर दिया। मृतक के पिता बाबूलाल केवट की शिकायत पर पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस घटना से गांव में शोक की लहर व्याप्त है। ।-सीताराम नाटानी