क्षेत्रीय
02-Apr-2026
...


- स्कूल चलो अभियान की सफलता में शिक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण - योगेन्द्र सिंह बस्ती (ईएमएस)। हर्रैया विकासखंड की ब्लॉक स्तरीय स्कूल चलो अभियान की जागरूकता रैली बैंड बाजे के साथ खण्ड शिक्षा अधिकारी विजय आनंद के नेतृत्व में गुरुवार को निकाली गई। रैली को मुख्य अतिथि पूर्व ब्लॉक प्रमुख योगेन्द्र सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली हर्रैया बाजार स्थित प्राथमिक विद्यालय से शुरू होकर पुरानी तहसील से होते हुए राजघाट, एसबीआई बैंक, फ्लाई ओवर चौराहे से सर्विस लेन होते हुए मुरादीपुर चौराहा आदि स्थलों से होते हुए पुनः प्राथमिक विद्यालय हर्रैया प्रथम पर आकर रैली सम्पन्न हुई। रैली में सैकड़ों की संख्या में शामिल बच्चे हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर आकर्षक और उत्साही नारा लगाते चल रहे थे। बच्चे पढ़ेंगे पढ़ाएंगे, साक्षर देश बनाएंगे, कोई न छूटे इस बार, शिक्षा है सबका अधिकार और आधी रोटी खाएंगे, साक्षर देश बनाएंगे जैसे प्रेरक नारों के साथ जागरूकता रैली निकालकर अभिभावकों से अपने बच्चों का स्कूलों में नामांकन कराने का आह्वान किया। विशेष रूप से, 6 से 14 वर्ष की आयु पूरी कर चुके बच्चों के अभिभावकों से संपर्क कर उन्हें नजदीकी परिषदीय विद्यालय में नामांकन कराने का आग्रह किया गया। मुख्य अतिथि ने कहा कि प्रत्येक बच्चे को पूर्ण मेहनत और लगन के साथ अनिवार्य रूप से शिक्षा ग्रहण करनी चाहिए। शिक्षकों को उनके दायित्वों का बोध कराते हुए कहा कि स्कूल चलो अभियान की सफलता में शिक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण है। खण्ड शिक्षा अधिकारी ने कहा कि स्कूल चलो अभियान का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के प्रत्येक बच्चे को शिक्षा से जोड़ना है, ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने अभिभावकों से सहयोग की अपील करते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए शिक्षा को आवश्यक बताया। उन्होंने बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। ब्लॉक के एआरपी राजीव शुक्ल, सन्तोष कुमार शुक्ल, मनोज मिश्र, काशीराम वर्मा और रवीश कुमार मिश्र ने कहा कि विद्यालय मात्र पढ़ाई का स्थान नहीं, अपितु व्यक्तित्व निर्माण की प्रथम पाठशाला है। इसलिए 6 से 14 वर्ष तक के सभी बच्चों के लिए शिक्षा की अनिवार्यता रखी गई है। कहा कि हम सभी का दायित्व है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे यही स्कूल चलो अभियान की सार्थकता है। रैली में बच्चों के साथ मुख्य रूप से शिक्षक नेता राजकुमार तिवारी, राम सागर वर्मा, विकास पाण्डेय, विजय प्रकाश, मनोज द्विवेदी, प्रवेश कुमार, पवन मिश्र, दीपक सिंह, बृजेंद्र पाण्डेय, पीयूष यादव, अर्जुन चौरसिया, अरविंद विश्वकर्मा, मनोज वर्मा, नित्यानंद यादव, प्रदीप मलिक, श्री नारायन मिश्र, योगेश सिंह, राकेश सिंह, चिन्मय राय, मो. सलाम, पवन वर्मा, उत्तम, शशांक दूबे, संजीव सिंह, शिल्पी, सुधा श्रीवास्तव, उर्मिला पाण्डेय, रेनू देवी, सुधा पाण्डेय, ममता त्रिपाठी, निरुपमा तिवारी, पूनम मिश्रा, सिमरन सिंह, सरिता चौधरी, तान्या सिंह, वंदना, सुनील कुमार, राकेश प्रकाश श्रीवास्तव, रिजवान अहमद, जावेद अहमद, ऋषि सिंह, राजेश कुमार, दिवाकर सिंह, राकेश कुमार आदि शामिल रहे। ईएमएस / 02 अप्रैल 26