भदोही (ईएमएस)। उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में एक दलित बुजुर्ग की सरेराह चाकू मारकर बड़ी बेरहमी से हत्या कर दी गई। वारदात उस वक्त हुई जब बुजुर्ग बाजार में घरेलू सामान लेने निकले थे। इस जघन्य हत्याकांड का एक विचलित करने वाला लाइव वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हमलावर पूरी बेरहमी से बुजुर्ग पर वार करता दिख रहा है। घटना के बाद इलाके में तनाव और दहशत का माहौल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए मुख्य आरोपी को खून से सने चाकू के साथ गिरफ्तार कर लिया है। डिप्टी एसपी प्रभात राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम को भेज आरोपी से पूछताछ की जा रही है कि आखिर क्यों युवक ने बुजुर्ग की हत्या की है, इस बाबत आगे की अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। दरअसल, यह मामला चौरी थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव का है। यहां एक युवक हाथ में धारदार चाकू लेकर एक निहत्थे बुजुर्ग को दौड़ा-दौड़ा कर मार रहा है। मृतक की पहचान 60 वर्षीय बच्चन राम के रूप में हुई है। हालांकि, इस दौरान बच्चन राम को बचाने की कोशिश में कई लोग घायल हो गये है। जितेन्द्र 02 अप्रैल 2026