राज्य
02-Apr-2026


भोपाल (ईएमएस) । कांग्रेस विधायकों पर जबरन पुराने या झूठी कार्यवाही के जरिए चुनाव प्रक्रिया से बाहर करने की साजिश रची जा रही है।यह लोकतंत्र नहीं, बल्कि सत्ता के दुरुपयोग का खुला उदाहरण है। यह आरोप नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भाजपा पर लगाए है। सिंघार ने कहा है कि मध्यप्रदेश में मई में होने वाले राज्यसभा चुनाव को लेकर भाजपा की मंशा अब खुलकर सामने आ रही है। चुनाव जीतने के लिए कांग्रेस विधायकों को तोड़ने और खरीदने की कोशिश की जा रही है और जब यह प्रयास सफल नहीं हो रहा, तो उनके खिलाफ पुराने मामलों को हथियार बनाया जा रहा है। दतिया से कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती को 25 साल पुराने मामले में सजा सुनाकर दिल्ली में गिरफ्तारी, जबकि पूर्व भाजपा विधायक नरोत्तम मिश्रा का पेड न्यूज मामला वर्षों से सुप्रीम कोर्ट में लंबित है, यह दोहरे मापदंड साफ दिखाता है। विजयपुर (श्योपुर) से कांग्रेस विधायक मुकेश मल्होत्रा की सदस्यता समाप्त कर उन्हें राज्यसभा चुनाव में मतदान से वंचित कर दिया गया। वहीं सेमरिया विधायक अभय मिश्रा और भोपाल मध्य विधायक आरिफ मसूद के पुराने मामलों को अचानक सक्रिय किया जाना भाजपा की सत्ता के लिए भूख सा$फ दिखाता है। यह घटनाएं स्पष्ट संकेत देती हैं कि जो विधायक भाजपा के दबाव में नहीं आ रहे, उन्हें ज़बरन पुराने या झूठी कार्यवाही के जरिए चुनाव प्रक्रिया से बाहर करने की साजिश रची जा रही है। यह लोकतंत्र नहीं, बल्कि सत्ता के दुरुपयोग का खुला उदाहरण है। विधायकों को डराकर, सजा दिलाकर और सदस्यता छीनकर चुनाव जीतने की कोशिश यह साबित करती है कि भाजपा जनता के विश्वास से नहीं, बल्कि दबाव और साजिश से सत्ता बनाए रखना चाहती है। इतिहास गवाह है कि ऐसे हथकंडे लंबे समय तक नहीं चलते। जनता सब देख रही है, और समय आने पर जवाब भी देगी। आशीष पाराशर/02 अप्रैल2026