-संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में बहरीन के प्रस्ताव पर होने वाली वोटिंग टली वॉशिंगटन,(ईएमएस)। ट्रम्प ने ईरान को लेकर नई धमकियां दी हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिकी सेना ने अभी तक ईरान के बचे-खुचे इन्फ्रास्ट्रक्चर को पूरी तरह निशाना बनाना शुरू नहीं किया है। ट्रम्प ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा- दुनिया की सबसे ताकतवर अमेरिकी सेना का अगला निशाना अब पुल होंगे, उसके बाद बिजली प्लांट। उन्होंने यह भी कहा कि नए नेतृत्व को पता है कि क्या करना है और उसे जल्दी करना होगा। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि ईरान में जिस पुल पर हमला किया गया, उसका मकसद ड्रोन बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री की आवाजाही को रोकना था। ईरान का कहना है कि यह एक नागरिक पुल था और इसे नष्ट करना युद्ध अपराध है। इससे पहले ट्रम्प ने कहा था कि ईरान अगर अमेरिका के 15 बिंदुओं वाले प्रस्ताव को नहीं मानता, तो अमेरिका ईरान के अंदर अपने सैन्य हमले और तेज कर देगा। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में बहरीन के प्रस्ताव पर आज होने वाली वोटिंग टाल दी गई है। इस प्रस्ताव में देशों को होर्मुज से जहाजों की सुरक्षित के जरूरी सभी कदम उठाने की अनुमति देने की बात कही गई है। बहरीन के विदेश मंत्री ने कहा कि इसका मकसद दुनिया के बाजार को सुरक्षित रखना और सबसे अहम समुद्री रास्तों में से एक में रुकावट को रोकना है। ब्रिटेन की पहल पर होर्मुज स्ट्रेट को फिर से खोलने के लिए गुरुवार को ऑनलाइन बैठक हुई, जिसमें 60 से ज्यादा देशों ने हिस्सा लिया। इस बैठक में भारत की तरफ से विदेश सचिव विक्रम मिसरी शामिल हुए। बैठक में विक्रम मिसरी ने कहा कि होर्मुज संकट में अब तक सिर्फ भारत के ही नागरिक मारे गए हैं। ये सभी विदेशी जहाजों पर काम कर रहे थे। सिराज/ईएमएस 03अप्रैल26