जबलपुर, (ईएमएस)। तिलवारा थानान्तर्गत अर्नव विहार कालोनी तिलवारा में एक सप्ताह पूर्व एक सूने घर में हुई लाखों की चोरी के वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को अभिरक्षा में लिया है। जिनके कब्जे से 23 हजार रूपए जब्त कर घटना में प्रयुक्त औजार भी जब्त किये गये हैं। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि उनका एक अन्य साथी फरार है जिसने रैकी कर चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद माल को ठिकाने लगाने का काम किया था। पुलिस के हत्थे चढ़े नकवजनी के तीनों आरोपी शातिर हैं। जो पूर्व में भी संजीवनी नगर पाटन, भेड़ाघाट, लार्डगंज और विजय नगर थाना क्षेत्रों में सूने घरो को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुक हैं। तिलवारा पुलिस ने बताया कि अर्नव विहार कालोनी तिलवारा निवासी राहुल मिश्रा एक निजी कम्पनी में इंजीनियर की नौकरी करता है गत 20 मार्च को दोपहर लगभग 2 बजे राहुल अपने ऑफिस के काम से परिवार के साथ सिंगरौली गया था। सुबह लगभग 4 बजे राहुल को उसके मोबाईल फोन पर मिले मैसेज अर्लट में पता चला कि उसके घर में चोरी हो गई है। उसने तत्काल घर आकर देखा कि घर का डोर लॉक टूटा था और अलमारी खुली पड़ी थी। अलमारी में रखे चार-पांच लाख के जेवर गायब थे। पुलिस ने आरोपियों की पतासाजी के लिए घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और मुखबिरों की मदद ली जिसके आधार पर तीन संदेहियों को पकड़ा गया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना नाम सूरज गौंड, विजय बैरागी व लखनलाल पटेल बताये। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने नकबजनी की वारदात को अंजाम दिया है इसके लिये उनके एक अन्य साथी ने रैकी करने व माल ठिकाने लगाने का काम किया था। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। सुनील साहू / मोनिका / 04 अप्रैल 2026/ 1.30