राष्ट्रीय
04-Apr-2026


नई दिल्ली,(ईएमएस)। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने राजधानी में स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए नकली सेंसोडाइन टूथपेस्ट बनाने वाली एक अवैध यूनिट को सील किया है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बड़ी मात्रा में तैयार नकली उत्पाद, कच्चा माल और पैकेजिंग मशीनरी जब्त की है। मामले में फैक्ट्री के मालिक को गिरफ्तार कर लिया गया है, जो बिना किसी वैध लाइसेंस या ब्रांड अनुमति के इस काले कारोबार को अंजाम दे रहा था। पुलिस के अनुसार, क्राइम ब्रांच की ईस्टर्न रेंज-1 की टीम को 2 अप्रैल को एक गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि खंजावाला के महावीर विहार स्थित सी-ब्लॉक के एक गोदाम में नामी ब्रांड का नकली टूथपेस्ट तैयार किया जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए इंस्पेक्टर आशीष शर्मा के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई और मौके पर छापेमारी की गई। पुलिस टीम जब गोदाम के भीतर पहुंची, तो वहां का नजारा चौंकाने वाला था। छह मजदूर अस्वच्छ परिस्थितियों में स्थानीय घटिया पेस्ट को ट्यूबों में भरने और उन्हें सील करने के काम में जुटे हुए थे। छापेमारी के दौरान पुलिस ने 1,800 भरी हुई और सील की गई नकली सेंसोडाइन ट्यूबें, 10,472 खाली ट्यूबें और 1,224 पूरी तरह से पैक ट्यूबें बरामद कीं। इसके अलावा, लगभग 130 किलोग्राम नीला कच्चा पेस्ट, एक ऑटोमैटिक ट्यूब फिलिंग और सीलिंग मशीन, हीटिंग गन, गोंद और भारी मात्रा में ब्रांडेड कार्टन व कैप्स जब्त किए गए। जांच में सामने आया कि यह पेस्ट पूरी तरह से मिलावटी था, जो उपभोक्ताओं के दांतों और मसूड़ों को गंभीर नुकसान पहुंचा सकता था। मुख्य आरोपी की पहचान 58 वर्षीय हरि ओम मिश्रा के रूप में हुई है, जो रोहिणी का निवासी है। पूछताछ में उसने कबूल किया कि उसने यह गोदाम किराए पर लिया था और मुनाफा कमाने के लिए बाजार में नकली उत्पाद खपा रहा था। पुलिस ने अधिकृत ब्रांड प्रतिनिधि से भी मौके पर पुष्टि कराई, जिन्होंने बरामद सामान को पूरी तरह फर्जी करार दिया। फिलहाल पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता और कॉपीराइट एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस नेटवर्क के तार और कहां-कहां जुड़े हैं। वीरेंद्र/ईएमएस/04अप्रैल2026