- पुलिस ने किया बड़े ठग की गिरफ्तारी, 17.84 लाख रुपए की अनाज ठगी का खुलासा बिलासपुर (ईएमएस)। तारबाहर पुलिस ने ठगी के एक बड़े मामले में सफलता हासिल करते हुए आरोपी राजेंद्र खांडेकर को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पांच महीनों के दौरान करीब 17.84 लाख रुपए का अनाज फर्जी भुगतान के माध्यम से ठगने का प्रयास किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोबाइल, लैपटॉप और सैकड़ों क्विंटल अनाज बरामद किया। घटना की रिपोर्ट प्रार्थी संदीप अग्रहरि ने दर्ज कराई थी। प्रार्थी ने बताया कि उसका व्यवसाय विहार, बिलासपुर में थोक अनाज व्यापार है। आरोपी राजेंद्र खांडेकर, जो अक्षांश किराना भंडार, भटगांव, सारंगढ़ बिलाईगढ़ का संचालक है, ने नवंबर 2025 से मार्च 2026 के बीच कई बार मोबाइल और स्क्रीनशॉट के माध्यम से भुगतान का दिखावा कर अनाज मंगवाया। प्रार्थी ने कुल 17,84,000 रुपए मूल्य का अनाज आरोपी के पते ट्रांसपोर्ट द्वारा भेजा। जांच में सामने आया कि आरोपी द्वारा भेजे गए स्क्रीनशॉट फर्जी थे और वास्तविक भुगतान प्रार्थी के खाते में नहीं हुआ। यह मामला गंभीर ठगी का है और इसकी सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के मार्गदर्शन में निरीक्षक रविंद्र अनंत के नेतृत्व में टीम ने रेड कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा। आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल, एक लैपटॉप, तीन कट्टी राइस दाल, चार कट्टी गेहूं और 74 कट्टी चावल बरामद किए गए। ये हुआ बरामद -मोबाइल- 1 -लैपटॉप -1 -चावल- 74 कट्टी - दाल -3 कट्टी - गेहूं -4 कट्टी मनोज राज 04 अप्रैल 2026