- ग्राफ्टेड बैंगन की खेती से किसान की आय दोगुनी बिलासपुर (ईएमएस)। तखतपुर विकासखंड के ग्राम बहतराई के किसान हार्दिक कश्यप ने आधुनिक खेती अपनाकर यह साबित कर दिया है कि नई तकनीक से कम जमीन में भी बेहतर मुनाफा कमाया जा सकता है। पारंपरिक खेती में नुकसान झेलने वाले हार्दिक अब ग्राफ्टेड बैंगन की खेती से लाखों की आय अर्जित कर रहे हैं। हार्दिक कश्यप पहले पारंपरिक तरीके से बैंगन की खेती करते थे, लेकिन मृदा जनित रोग और कीटों के कारण फसल बार-बार खराब हो जाती थी। इससे उनकी आय सीमित रह जाती थी और खेती में अनिश्चितता बनी रहती थी। इसी दौरान उद्यानिकी विभाग ने उन्हें राष्ट्रीय कृषि विकास योजना की जानकारी दी। उन्होंने ग्राफ्टेड बैंगन की खेती अपनाई। योजना के तहत उन्नत पौधे, खाद, दवाओं पर अनुदान और तकनीकी मार्गदर्शन मिला, जिससे उन्होंने वैज्ञानिक तरीके से खेती शुरू की। कम जमीन में ज्यादा उत्पादन नई तकनीक का परिणाम जल्द सामने आया। महज 0.400 हेक्टेयर भूमि में उन्होंने 250 से 270 क्विंटल बैंगन का उत्पादन हासिल किया। इससे उनकी आय बढक़र 2.50 से 3 लाख रुपये तक पहुंच गई, जो पहले की तुलना में कहीं अधिक है। अन्य किसानों के लिए प्रेरणा हार्दिक का मानना है कि खेती में बदलाव और आधुनिक तकनीक अपनाना सफलता की कुंजी है। वे अन्य किसानों से भी सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की अपील कर रहे हैं। उनकी सफलता की कहानी क्षेत्र के किसानों के लिए प्रेरणा बन गई है कि सही मार्गदर्शन और मेहनत से खेती को लाभ का सौदा बनाया जा सकता है। मनोज राज 04 अप्रैल 2026