:: छोटे परिवारों और छात्रों के लिए 5 किलो का एफटीएल सिलेंडर तत्काल उपलब्ध; जिला प्रशासन ने जारी किए निर्देश :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर सहित प्रदेश भर में पेट्रोलियम कंपनियों के पोर्टल पर आई तकनीकी समस्या के कारण नए गैस कनेक्शन जारी होने में अस्थायी विलंब हो रहा है। हिंदुस्तान पेट्रोलियम, भारत पेट्रोलियम और इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के पोर्टल पर मार्च के प्रथम सप्ताह से नए कनेक्शन हेतु सब्सक्रिप्शन वाउचर जारी नहीं हो पा रहे हैं। हालांकि, उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए जिला प्रशासन और ऑयल कंपनियों ने वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर 5 किलोग्राम का छोटा सिलेंडर तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। जिला आपूर्ति नियंत्रक एम.एल. मारू ने जानकारी देते हुए बताया कि यद्यपि पोर्टल पर एसवी जनरेट नहीं हो रहे हैं, लेकिन गैस एजेंसी संचालकों द्वारा नए कनेक्शन के लिए आवेदन निरंतर लिए जा रहे हैं। आवेदकों की केवाईसी प्रक्रिया भी पोर्टल पर सुचारू रूप से की जा रही है ताकि जैसे ही ऑयल कंपनियां सॉफ्टवेयर की समस्या दूर कर एसवी जारी करने की प्रक्रिया पुनः प्रारंभ करेंगी, पात्र उपभोक्ताओं को प्राथमिकता के आधार पर गैस कनेक्शन प्रदान किए जा सकें। इस संबंध में प्रक्रिया शुरू होते ही उपभोक्ताओं को अलग से सूचित भी किया जाएगा। पोर्टल की इस बाधा के बीच आम नागरिकों, विशेषकर छात्रों और छोटे परिवारों को परेशानी न हो, इसके लिए ऑयल कंपनियों ने 5 किलोग्राम का एफटीएल (छोटा सिलेंडर) कनेक्शन तत्काल प्रभाव से उपलब्ध कराने की व्यवस्था की है। जिला प्रशासन ने सभी गैस एजेंसियों और पेट्रोलियम कंपनियों के सेल्स अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि जब तक पूर्ण क्षमता वाले नए कनेक्शन जारी नहीं होते, तब तक इच्छुक उपभोक्ताओं को 5 किलो वाले सिलेंडर का कनेक्शन बिना किसी विलंब के प्रदान किया जाए। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह व्यवस्था केवल अस्थायी है और उपभोक्ताओं के हितों की सुरक्षा के लिए पोर्टल की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। गैस एजेंसियों को यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया है कि वे उपभोक्ताओं को वर्तमान स्थिति के बारे में सही जानकारी दें और वैकल्पिक व्यवस्था का लाभ लेने के लिए प्रेरित करें। प्रकाश/4 अप्रैल 2026