04-Apr-2026


इन्दौर (ईएमएस) फेसबुक पर शहर के एक वरिष्ठ नागरिक ने स्काटलैंड निवासी एक महिला से दोस्ती के चक्कर में करीब साढ़े दस लाख रूपए गंवा दिए। इस तथाकथित विदेशी महिला ने उनसे दोस्ती करनें वाले इन वरिष्ठ नागरिक से गहरी दोस्ती कर उनको गिफ्ट भेजने का झांसा दिया और उनसे 10 लाख 43 हजार रुपए अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिए। मामला एरोड्रम थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। एडीसीपी राजेश दंडोतिया के अनुसार अशोक कुमार उम्र सड़सठ वर्ष निवासी ओम विहार कॉलोनी जो कि एक रिटायर्ड अधिकारी हैं को फेसबुक पर डॉ. लिसा डेविस नाम से एक फ्रेंड रिक्वेस्ट आई थी जिसे उनके द्वारा एक्सेप्ट करने के बाद लिसा ने खुद को स्कॉटलैंड का बताते उनसे बातचीत बढ़ाई और उनकी दोस्ती गहरी हो गई। इस दौरान स्काटलैंड निवासी उनकी इस तथाकथित मित्र महिला ने उन्हें विदेश से एक पार्सल में गिफ्ट भेजने की बात कही और उसके बाद उनके पास दिल्ली एयरपोर्ट से कथित कस्टम अधिकारियों के फर्जी कॉल आने लगे जिसमें उन्हें बताया गया कि पार्सल में डॉलर हैं, जिन्हें कन्वर्ट कराने के लिए प्रोसेसिंग फीस देनी होगी। यही नहीं इसके बाद लगातार अलग-अलग कारण बताकर उनसे पैसे मांगे गये इस तरह उनसे उन्होंने करीब 10.43 लाख रुपए ले लिए। जब लगातार पैसे मांगे जाने लगे तो उनको शक हुआ और उन्होंने अपने बेटे को पूरी बात बताई तथा एरोड्रम थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते जिन खातों में रकम ट्रांसफर हुई, उन्हें ब्लॉक कर आरोपियों की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए है। आनंद पुरोहित/ 04 अप्रैल 2026