04-Apr-2026


फसलों को भारी नुकसान...बिजली गिरने से 4 मौतें भोपाल(ईएमएस)। मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज अचानक बदल गया है। ग्वालियर, श्योपर, बैतूल, सीहोर , सिवनी-रीवा समेत कई जिलों में बारिश-ओलावृष्टि हुई है। सिवनी और रीवा में आकाशीय बिजली गिरने से चार लोगों की मौत हो गई है। साइक्लोनिक सर्कुलेशन और टर्फ सिस्टम के एक्टिव होने से मध्य प्रदेश में मौसम अस्थिर बना हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटे में भोपाल-ग्वालियर समेत 45 जिलों में तेज आंधी और बारिश हो सकती है। प्रदेश के बीच से एक टर्फ गुजर रही है, जबकि ऊपरी हिस्से में दूसरी टर्फ सक्रिय है। वहीं पश्चिमी और उत्तरी हिस्सों में दो चक्रवाती सिस्टम भी बने हुए हैं। प्रदेश के बीच से एक टर्फ गुजर रही है, जबकि ऊपरी हिस्से में दूसरी टर्फ सक्रिय है। वहीं पश्चिमी और उत्तरी हिस्सों में दो चक्रवाती सिस्टम भी बने हुए हैं। शनिवार को ग्वालियर में शाम करीब 4 बजे अचानक मौसम बदला और तेज बारिश के साथ ओले गिरे। मौसम विभाग ने पहले ही तेज बारिश, आंधी और ओले गिरने की चेतावनी जारी की थी। शहर में जम्मू-कश्मीर से सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर साफ दिख रहा है। शुक्रवार को हल्की बूंदाबांदी के बाद दिनभर बादल छाए रहे, जिससे गर्मी से राहत मिली। विभाग के अनुसार 7 अप्रैल तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। हालांकि, बदला हुआ मौसम किसानों के लिए चिंता बढ़ा रहा है। लगातार नमी और बारिश के कारण गेहूं की फसल प्रभावित हो रही है। मुलताई में 20 मिनट ओलावृष्टि बैतूल जिले के मुलताई क्षेत्र के डहुआ, परमंडल, हिवरा और खेरवानी गांवों में शनिवार दोपहर अचानक मौसम बदलने से किसानों को भारी नुकसान हुआ। करीब 20 मिनट तक हुई तेज ओलावृष्टि से गेहूं सहित कई फसलें खराब हो गईं। खेतों में खड़ी फसल के साथ कटाई के बाद रखी गेहूं भी प्रभावित हुई, जिससे दाने झडऩे और खराब होने की आशंका है। किसानों के मुताबिक, दोपहर तक मौसम सामान्य था, लेकिन अचानक काले बादल छा गए और ओले गिरने लगे, जिससे गांव सफेद चादर जैसा दिखने लगा। सब्जी फसलें जैसे टमाटर और मिर्च भी नुकसान की चपेट में आई हैं। किसानों ने प्रशासन से सर्वे कराकर मुआवजे की मांग की है। कहीं बारिश, कहीं बूंदा-बांदी प्रदेश के अन्य जिलों में भी मौसम बदला हुआ है। सतना में सुबह तेज हवा के बाद बारिश हुई। नर्मदापुरम और नरसिंहपुर में बूंदाबांदी दर्ज की गई, जबकि सिवनी में रिमझिम बारिश हुई। मुरैना में हल्की बारिश के साथ मौसम ठंडा हुआ। मौसम विभाग ने शनिवार को जबलपुर, छतरपुर, पन्ना, दमोह और कटनी में ओले और बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं भोपाल, ग्वालियर समेत कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा श्योपुर, मुरैना, बैतूल, भिंड, निवाड़ी और टीकमगढ़ में 60 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से आंधी चलने और ओले गिरने की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। रायसेन जिले में खराब मौसम का असर फसलों पर भी पड़ा है। रामपुर मनियाखेड़ी रोड के आसपास कई खेतों में गेहूं की फसल खराब हो गई। विनोद उपाध्याय / 04 अप्रैल, 2026