04-Apr-2026


इन्दौर (ईएमएस) शहर में एक बार फिर बदमाशों ने नकली पुलिस बनकर ठगी की वारदातें करना शुरू कर दिया है। ऐसी ही एक वारदात में एक बदमाश ने नकली पुलिस बनकर एक बुजुर्ग महिला की ज्वेलरी उतरवा उसके साथ ठगी की। मामले में अब असली पुलिस नकली पुलिस बनकर ठगी करने वाले बदमाश की तलाश कर रही है। बुजुर्ग महिला के साथ ठगी की यह वारदात सराफा थाना क्षेत्र में हुई। पुलिस के अनुसार अंजना जैन उम्र चौसठ साल निवासी खजूरी बाजार को शक्कर बाजार जैन मंदिर के पास एक बदमाश मिला और उसने खुद को पुलिस वाला बताते शहर में होने वाली वारदातों का डर दिखाते हुए असली ज्वेलरी उतरवाकर एक थैली में रखने को कहा। महिला उसकी बातों में आ गई और असली ज्वेलरी उतारकर बदमाश को दे दी। बदमाश ने ज्वेलरी एक थैली में रखकर वापस महिला को दी और घर जाने का कहा। महिला घर पहुंची और ज्वेलरी की थैली खोलकर देखी तो ज्वेलरी नकली निकली। पुलिस ने मामला दर्ज कर घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के आधार पर ठग की तलाश शुरू कर दी है। आनंद पुरोहित/ 04 अप्रैल 2026