जबलपुर, (ईएमएस)। एसोसिएशन ऑफ फिजिशियंस ऑफ इंडिया (एपीआई) जबलपुर चैप्टर द्वारा 27वां वार्षिक सम्मेलन “मेडिसिन अपडेट 2026” का आयोजन 4 और 5 अप्रैल 2026 को होटल विजन महल, जबलपुर में किया जाएगा। यह दो दिवसीय शैक्षणिक कार्यक्रम देशभर के जाने-माने चिकित्सकों और विशेषज्ञों को एक मंच पर लाएगा। सम्मेलन में चिकित्सा क्षेत्र में हो रही नई प्रगति, आधुनिक उपचार पद्धतियों और वैज्ञानिक विषयों पर चर्चा होगी। कार्यक्रम का उद्देश्य डॉक्टरों के बीच ज्ञान का आदान-प्रदान और कौशल विकास को बढ़ावा देना है। सम्मेलन का आयोजन डॉ. नवीन शर्मा (अध्यक्ष, एपीआई जबलपुर) और डॉ. अखिलेश तिवारी (सचिव, एपीआई जबलपुर) के नेतृत्व में किया जा रहा है। आयोजन में डॉ. सुरेश पटेल, डॉ. आनंद बहरानी और डॉ. आशीष पटेल का भी सहयोग रहेगा। आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. अश्विनी पाठक, सचिव डॉ. अनुपम श्रीवास्तव और वैज्ञानिक समिति के अध्यक्ष डॉ. एम.एस. जोहरी ने व्यापक वैज्ञानिक कार्यक्रम तैयार किया है। सम्मेलन में देश के विभिन्न शहरों से विशेषज्ञ डॉक्टर व्याख्यान देंगे और पैनल चर्चा में भाग लेंगे। विभिन्न मेडिकल कॉलेजों के पोस्ट ग्रेजुएट छात्र भी अपने शोध प्रस्तुत करेंगे। आयोजकों के अनुसार, इस कार्यक्रम से महाकौशल क्षेत्र के मरीजों को बेहतर इलाज का लाभ मिलेगा। सम्मेलन में हैदराबाद, गुरुग्राम, नई दिल्ली, भोपाल, इंदौर और जबलपुर सहित कई शहरों के प्रतिष्ठित चिकित्सक शामिल होंगे। अब तक देशभर से 300 से अधिक एमडी मेडिसिन चिकित्सकों ने पंजीयन करा लिया है। आयोजक समिति का कहना है कि “मेडिसिन अपडेट 2026” मध्य भारत का एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक सम्मेलन साबित होगा। सुनील साहू / शहबाज / 04 अप्रैल 2026/ 09.00