:: गैसीफाइड क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को 90 दिनों में सरेंडर करना होगा एलपीजी कनेक्शन :: इंदौर (ईएमएस)। वैश्विक परिस्थितियों के मद्देनजर घरेलू गैस की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने नागरिकों से पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) अपनाने का आग्रह किया है। जिला आपूर्ति नियंत्रक एम.एल. मारू ने बताया कि शहर के अधिकांश हिस्सों में गैस पाइपलाइन का विस्तार हो चुका है। शासन के निर्देशों के अनुसार, जिन सोसायटियों और कॉलोनियों में पीएनजी सुविधा उपलब्ध है, वहां के रहवासियों को आगामी 90 दिनों के भीतर अपने घरेलू एलपीजी कनेक्शन सरेंडर करने होंगे। उपभोक्ता अवंतिका गैस लिमिटेड की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर नया कनेक्शन प्राप्त कर सकते हैं। पीएनजी के लाभों पर चर्चा करते हुए मारू ने बताया कि यह एलपीजी की तुलना में सस्ती, सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल है। इसमें बुकिंग या सिलेंडर उठाने की झंझट नहीं होती और 24 घंटे निरंतर आपूर्ति बनी रहती है। वर्तमान में इंदौर के करीब 70 प्रतिशत क्षेत्र में पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है और शहर में लगभग एक लाख कनेक्शन सक्रिय हैं। सुरक्षा की दृष्टि से भी पीएनजी को बेहतर माना गया है क्योंकि यह हवा से हल्की होने के कारण रिसाव की स्थिति में जमा नहीं होती। कनेक्शन के इच्छुक नागरिक कंपनी की वेबसाइट या हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं। प्रकाश/4 अप्रैल 2026