भोपाल(ईएमएस)। जिला पंचायत भोपाल के मार्गदर्शन में जनपद पंचायत फंदा की ग्राम पंचायतों ने स्वयं के राजस्व को सुदृढ़ करने की दिशा में एक मॉडल पहल प्रस्तुत की है। शासन की मंशा के अनुरूप ग्राम पंचायतों को आर्थिक रूप से मजबूत एवं आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत भोपाल श्रीमती इला तिवारी तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत फंदा श्रीमती शिवानी मिश्रा के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में ग्राम पंचायत सचिवों के साथ नियमित बैठकें आयोजित की गईं तथा कर संग्रहण को बढ़ाने के लिए विशेष मॉनिटरिंग की गई। पंचायत स्तर पर निवासरत परिवारों, संस्थाओं एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से देय करों की जानकारी लेकर नियमित रूप से कर संग्रहण सुनिश्चित कराया गया। इन सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप जनपद पंचायत फंदा अंतर्गत 96 ग्राम पंचायतों ने वित्तीय वर्ष 2025–26 में फरवरी 2026 तक 3 करोड़ 19 लाख 99 हजार 160 रुपये का कर संग्रहण किया है। स्वयं के राजस्व संग्रहण को मजबूत करने की दिशा में यह उपलब्धि प्रदेश में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की ओर बढ़ता हुआ महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। जनपद पंचायत द्वारा इस वित्तीय वर्ष में ₹4 करोड़ से अधिक कर संग्रहण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस उपलब्धि के पीछे ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव, टैक्स सखी एवं ग्राम रोजगार सहायकों (GRS) की महत्वपूर्ण भूमिका रही है, जिन्होंने लगातार मेहनत करते हुए कर संग्रहण को जनअभियान का रूप दिया। जनपद पंचायत द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाली ग्राम पंचायतों को सम्मानित (फेलिसिटेट) किया जाएगा, वहीं कर संग्रहण में कमजोर प्रदर्शन करने वाली पंचायतों के संबंध में आवश्यक कार्यवाही भी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि सभी पंचायतें राजस्व संग्रहण में बेहतर प्रदर्शन कर सकें। ग्राम पंचायतों द्वारा संग्रहित यह राशि पंचायतों के मूलभूत कार्यों, निर्माण कार्यों तथा संचालन एवं अनुरक्षण (Operation & Maintenance) पर व्यय की जा रही है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति मिल रही है। जनपद पंचायत फंदा की यह पहल स्थानीय स्तर पर वित्तीय स्वावलंबन और प्रभावी प्रशासन का प्रेरणादायी मॉडल बनकर सामने आई है, जो अन्य पंचायतों के लिए भी अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत करती है। हरि प्रसाद पाल / 04 अप्रैल, 2026