राष्ट्रीय
04-Apr-2026


तिरुवल्ला (ईएमएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तिरुवल्ला में एनडीए की रैली में कहा कि एलडीएफ सरकार की विदाई की उल्टी गिनती शुरू हो गई है. केरल में बीजेपी के नेतृत्व वाला एनडीए सत्ता में आयेगा. मोदी ने कहा कि लेफ्ट और कांग्रेस वोट बैंक की राजनीति के लिए कट्टरपंथी तत्वों को बढ़ावा देते हैं. उन्होंने कहा कि केरल में मुनंबम जैसी घटनाएं बढ़ती जा रही हैं, जहां हिंदू और ईसाई परिवारों को डराया गया. उन्होंने भरोसा जताया कि केरल के देशभक्त लोग इस तरह की कोशिशों को कभी सफल नहीं होने देंगे और इसका जवाब जरूर देंगे. पीएम मोदी ने दावा किया कि 9 अप्रैल को मतदान के बाद 4 मई को एनडीए गठबंधन केरल में सरकार बनाएगा। उन्होंने अपने संबोधन की शुरुआत “जय केरलम, जय विकासिता केरलम” के नारे के साथ की। प्रधानमंत्री ने कहा कि इस बार केरल में माहौल बदला हुआ है और राज्य एक ऐतिहासिक परिवर्तन के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि एनडीए को महिलाओं और आम जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है। पीएम मोदी ने एनडीए उम्मीदवार अनूप की सराहना करते हुए उन्हें समर्पित और मेहनती नेता बताया। उन्होंने कहा कि अनूप पिछले पांच वर्षों से उनके साथ काम कर रहे हैं और अब केरल की सेवा के लिए तैयार हैं। नरेंद्र मोदी ने एलडीएफ और यूडीएफ पर हमला बोलते हुए कहा कि दोनों गठबंधनों ने लंबे समय तक केरल की उपेक्षा की है। उन्होंने खराब सड़कों, पुलों की कमी और मेडिकल सुविधाओं की स्थिति को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के कार्यकाल में केरल को पहले की तुलना में पांच गुना अधिक धनराशि मिली है, जिससे राज्य के विकास को गति मिली है। प्रधानमंत्री ने कहा कि एनडीए की नीतियों से महिलाओं को सबसे अधिक लाभ हुआ है। शौचालय निर्माण, बैंक खाते, आवास और मुद्रा योजना के जरिए महिलाओं को सशक्त बनाया गया है। उन्होंने “लखपति दीदी” योजना का जिक्र करते हुए बताया कि 3 करोड़ महिलाओं को इसका लाभ मिल चुका है और 3 करोड़ और बनाने का लक्ष्य है। सुबोध/०४-०४-२०२६