:: इंदौर में बी-फार्मा छात्र की सनसनीखेज खुदकुशी; वीडियो कॉल के तुरंत बाद वारदात :: इंदौर (ईएमएस)। शहर के नेहरू नगर क्षेत्र में शनिवार शाम एक छात्र की संदिग्ध आत्महत्या ने सनसनी फैला दी। बी-फार्मा के 19 वर्षीय छात्र सौरभ पटेल ने अपने पिता की लाइसेंसी बंदूक से सीने में गोली मारकर जीवनलीला समाप्त कर ली। चौंकाने वाली बात यह है कि आत्मघाती कदम उठाने से महज कुछ मिनट पहले तक छात्र का व्यवहार पूरी तरह सामान्य था और उसने पिता को सब्जी खरीदने के लिए ऑनलाइन पैसे भी भेजे थे। मूल रूप से मैहर का रहने वाला सौरभ यहाँ अपने पिता और तीन दोस्तों के साथ किराए के कमरे में रह रहा था। शनिवार शाम करीब 6:30 बजे उसके पिता, जो एक ज्वेलर्स के यहाँ सुरक्षाकर्मी हैं, ड्यूटी पर जाने से पहले सब्जी लेने बाजार गए थे। इसी दौरान सौरभ कमरे में अकेला था और परिजनों से वीडियो कॉल पर बात कर रहा था। तभी पिता का फोन आया और उन्होंने सब्जी के लिए पैसों की जरूरत बताई, जिस पर सौरभ ने तत्काल 75 रुपए का ऑनलाइन ट्रांजेक्शन किया। इसके कुछ ही मिनट बाद उसने पिता की बंदूक से खुद को गोली मार ली। :: कमरे में मैच देख रहे थे दोस्त जिस वक्त यह वारदात हुई, सौरभ के दो दोस्त बगल के कमरे में क्रिकेट मैच देख रहे थे। गोली की आवाज सुनकर वे भागते हुए सौरभ के कमरे में पहुंचे, जहाँ वह खून से लथपथ तड़प रहा था। घबराए साथियों ने तुरंत पिता को सूचित किया, लेकिन जब तक वे कमरे पर पहुंचे, सौरभ की सांसें थम चुकी थीं। सूचना पर पहुंची एमआईजी थाना पुलिस और एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। :: मोबाइल में दफन है राज! पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। प्रारंभिक पूछताछ में किसी युवती से बातचीत का एंगल सामने आया है, हालांकि दोस्तों का कहना है कि वह संपर्क पुराना था। टीआई सी.बी. सिंह के अनुसार, पुलिस ने मृतक का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। कॉल डिटेल्स और चैट्स के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आखिर वीडियो कॉल और ट्रांजेक्शन के बाद ऐसा क्या हुआ कि उसने इतना खौफनाक कदम उठा लिया। फिलहाल मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। प्रकाश/04 अप्रैल 2026