राष्ट्रीय
05-Apr-2026
...


नई दिल्ली(ईएमएस)। उत्तर भारत के मौसम में एक बार फिर बड़ा उलटफेर देखने को मिल रहा है। एक के बाद एक सक्रिय हुए दो पश्चिमी विक्षोभों ने गर्मी के तेवरों को ढीला कर दिया है। मार्च के अंत में जहां भीषण गर्मी ने दस्तक दे दी थी, वहीं अप्रैल की शुरुआत बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं के साथ हुई है। मौसम विभाग ने 5 अप्रैल को दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब समेत देश के 9 राज्यों में आंधी और बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। बेमौसम की इस मार ने आम जनजीवन को प्रभावित करने के साथ-साथ किसानों की चिंताओं को बढ़ा दिया है। राजधानी दिल्ली में शनिवार को हुई जोरदार बारिश के बाद रविवार को भी ठंडी हवाओं का दौर जारी है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 7 अप्रैल को दूसरा पश्चिमी विक्षोभ अपने चरम पर होगा, जिसके प्रभाव से 8 अप्रैल तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा। हालांकि 6 अप्रैल को हल्की राहत की उम्मीद है, लेकिन बिजली गिरने की चेतावनी के चलते लोगों को बेवजह घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है। राजस्थान के कई हिस्सों में कुदरत का अलग ही रूप देखने को मिला है, जहां भारी ओलावृष्टि के कारण जमीन पर बर्फ की सफेद चादर बिछ गई। बीकानेर, जयपुर, जोधपुर और उदयपुर जैसे संभागों में 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। वहीं, उत्तर प्रदेश के झांसी, मुजफ्फरनगर और अलीगढ़ जैसे पश्चिमी जिलों के साथ-साथ लखनऊ और कानपुर में भी मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। बिहार के पटना, गया और चंपारण इलाकों में भी बादलों की आवाजाही और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। पहाड़ी राज्यों का हाल भी जुदा नहीं है। हिमाचल प्रदेश के शिमला, कुल्लू और मंडी में 8 अप्रैल तक बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी, जबकि जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का अनुमान है। उत्तराखंड के नैनीताल और चमोली जैसे जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। इसके अलावा, हरियाणा और पंजाब के मैदानी इलाकों में भी तेज हवाओं के साथ बारिश होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। अगले तीन दिनों तक उत्तर भारत में मौसम का मिजाज काफी अनिश्चित रहने वाला है। वीरेंद्र/ईएमएस/05अप्रैल2026