ट्रेंडिंग
05-Apr-2026
...


-बिश्वनाथ चारियाली की रैली में दिखे तीखे तेवर गुवाहाटी,(ईएमएस)। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने असम में चुनावी रैली के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा सरमा पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने हेमंत को भारत का सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री बताते हुए कहा कि कांग्रेस के सत्ता में आने पर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने बिश्वनाथ चारियाली में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सरमा केवल नफरत की राजनीति करते हैं और राज्य को बांटने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि “असम के हेमंत सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री हैं और वे समाज में विभाजन फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।” कांग्रेस नेता ने अपने भाषण में यह भी स्पष्ट किया कि अगर राज्य में उनकी पार्टी की सरकार बनती है, तो हिमंत बिस्वा सरमा को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। राहुल गांधी ने कहा, “भले ही वे माफी मांग लें, लेकिन उनके खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई जरूर होगी।” रैली के दौरान राहुल गांधी ने आक्रामक अंदाज अपनाते हुए कहा, मुख्यमंत्री को यह पता है कि कांग्रेस के कार्यकर्ता और नेता उनके खिलाफ खड़े हैं। उन्होंने कहा, वे इस तरह की भाषा इसलिए इस्तेमाल करते हैं क्योंकि उन्हें मालूम है कि कांग्रेस के ‘बब्बर शेर’ उन्हें जेल में डालने वाले हैं। उस समय उन्हें असम की जनता और कांग्रेस नेताओं से माफी मांगनी पड़ेगी। अपने भाषण में राहुल गांधी ने कांग्रेस की विचारधारा पर भी जोर दिया। उन्होंने प्रसिद्ध असमिया गायक ज़ुबीन गर्ग का उदाहरण देते हुए कहा कि कांग्रेस समाज को जोड़ने और एकजुट करने की राजनीति करती है। राहुल ने कहा कि ज़ुबीन गर्ग ने हमेशा असम के लोगों को एकजुट करने का संदेश दिया है और कांग्रेस भी उसी रास्ते पर चलती है। हिदायत/ईएमएस 05अप्रैल26