नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली के मोती नगर इलाके में एक फैक्ट्री के बाहर बैग में 40 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। दिल्ली के मोती नगर इलाके से सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक फैक्ट्री के बाहर संदिग्ध बैग में एक व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया। घटना 4 अप्रैल यानी शनिवार की है, जब थाना मोती नगर पुलिस को एक पीसीआर कॉल के जरिए सूचना मिली कि राम रोड स्थित प्रेम नगर फाटक के पास एक फैक्ट्री के बाहर एक संदिग्ध बैग पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। इस दौरान बैग खोलते ही पुलिस हैरान रह गए। संदिग्ध बैग पड़े होने की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि एक बड़ा सफेद प्लास्टिक बैग रस्सी से बंधा हुआ था, जिसमें से तेज दुर्गंध आ रही थी। सूचना देने वाले शंकर, जो फैक्ट्री में सिक्योरिटी गार्ड हैं। उन्होंने बताया कि वह पिछली रात मच्छरों की वजह से कहीं और सो गए थे। सुबह करीब 7:30 बजे लौटने पर उन्होंने इस बैग को देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। क्राइम टीम ने जब बैग को खोला तो उसके अंदर करीब 40 साल के एक व्यक्ति का सड़ा-गला शव मिला। मृतक ने नीली जींस और पीच रंग की फुल स्लीव शर्ट पहनी हुई थी और हल्की दाढ़ी थी। शरीर पर कोई बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। मौके पर एफएसएल टीम ने भी पहुंचकर जांच और फोटोग्राफी की। शव को पोस्टमार्टम के लिए दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस शव की पहचान करने में जुटी है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। - अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/05/ अप्रैल /2026