वाशिंगटन (ईएमएस)। तमिलनाडु में जन्मीं भारतीय मूल की रिनी संपत अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन डीसी के मेयर पद का चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं। सात साल की उम्र में अमेरिका पहुंचीं रिनी ने शिक्षा और पेशेवर जीवन में अपनी अलग पहचान बनाई है। वह पेशे से गवर्नमेंट कॉन्ट्रैक्टर और साइबर सिक्योरिटी प्रोफेशनल रही हैं तथा अंतरराष्ट्रीय संबंध और सुरक्षा अध्ययन में पढ़ाई कर चुकी हैं। रिनी पिछले एक दशक से अधिक समय से वाशिंगटन डीसी में रह रही हैं और स्थानीय मुद्दों पर सक्रिय रही हैं। उनके चुनाव अभियान का मुख्य फोकस बुनियादी समस्याओं को दूर करना है। वे सड़कों के गड्ढे भरने, स्वच्छता व्यवस्था सुधारने, महंगाई पर नियंत्रण और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने जैसे मुद्दों को प्राथमिकता दे रही हैं। रिनी अपनी भारतीय जड़ों पर गर्व जताती हैं और अपने परिवार, विशेषकर दादा से मिली प्रेरणा का उल्लेख करती हैं। उनकी उम्मीदवारी को भारतीय-अमेरिकी समुदाय में उत्साह के साथ देखा जा रहा है। एसजे/ 05 अप्रैल 26