क्षेत्रीय
05-Apr-2026
...


भागलपुर, (ईएमएस)। ​बिहार के भागलपुर जिले के सभी थानों में पुलिस प्रशासन द्वारा अनुशासन और कार्यक्षमता को मजबूत करने के उद्देश्य से प्रतिदिन रोल कॉल की प्रक्रिया अनिवार्य रूप से लागू की जा रही है। इस पहल के तहत हर दिन ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की उपस्थिति दर्ज की जाती है और उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाते हैं। रोल कॉल के दौरान अधिकारियों द्वारा पुलिसकर्मियों को कानून-व्यवस्था से जुड़े ताजा अपडेट, महत्वपूर्ण घटनाओं की जानकारी और सतर्कता बरतने के निर्देश दिए जाते हैं। साथ ही, पुलिसकर्मियों की समस्याओं को भी सुना जाता है, जिससे उनके कार्य में आने वाली बाधाओं को दूर किया जा सके। इस प्रक्रिया का एक महत्वपूर्ण उद्देश्य दिनभर की कार्ययोजना तैयार करना भी है, ताकि हर पुलिसकर्मी अपने दायित्वों को स्पष्ट रूप से समझ सके और समयबद्ध तरीके से कार्य कर सके। इससे न केवल कार्यों में पारदर्शिता बढ़ेगी, बल्कि पुलिसिंग की गुणवत्ता में भी सुधार देखने को मिलेगा। पुलिस विभाग का मानना है कि इस नियमित प्रक्रिया से बल में अनुशासन, जिम्मेदारी और टीमवर्क की भावना को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही, आम जनता को बेहतर और त्वरित पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने में भी यह पहल कारगर साबित होगी। - संतोष झा-०५ अप्रैल/२०२६/ईएमएस