-शहबाज सरकार ने लिया फैसला, पेट्रोल पर बढ़ाई कीमतों को भी किया कम इस्लामाबाद,(ईएमएस)। पाकिस्तान में इजराइल-अमेरिका की ईरान से जंग का असर दिख रहा है। पाकिस्तान में अगले 6 महीने तक मंत्रियों का वेतन पर रोक लगा दी गई है। दो दिन पहले पेट्रोल 137 पाकिस्तानी रुपया और डीजल 184 रुपया महंगा किया गया था। हालांकि देशभर में विरोध हुआ तो सरकार ने पेट्रोल 80 रुपया सस्ता कर दिया। अब पाकिस्तान में पेट्रोल 378 रुपया प्रति लीटर मिलेगा। डीजल बढ़ी हुई कीमत 520.35 रुपया प्रति लीटर पर ही मिलेगा। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक बढ़ती महंगाई और आर्थिक संकट से निपटने के लिए पाकिस्तान के पीएम शहबाज शरीफ ने कड़े उपायों का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि पहले कैबिनेट मंत्रियों की 2 महीने की सैलरी रोकने का फैसला लिया गया था, लेकिन अब मंत्रियों को अगले 6 महीने तक वेतन नहीं मिलेगा। शुक्रवार आधी रात को राष्ट्र को संबोधित करते हुए पीएम शहबाज ने कहा कि सरकार ने जनता पर बोझ कम करने के लिए पेट्रोल टैक्स को 80 रुपया घटाने का फैसला किया है। नई कीमतें देशभर के पेट्रोल पंपों पर तुरंत लागू हो गई हैं। शरीफ ने यह कहा कि पेट्रोल की ये कीमतें कम से कम अगले एक महीने तक स्थिर रहेंगी। शहबाज सरकार ने दो दिन पहले पेट्रोल पर टैक्स 105 रुपया से बढ़ाकर 160 रुपया कर दिया था। इससे यहां पेट्रोल की कीमत 321.17 रुपया से बढ़कर 458.41 रुपया प्रति लीटर पर पहुंच गई थी। हाई-स्पीड डीजल की कीमत भी 184.49 रुपया बढ़कर 520.35 रुपया प्रति लीटर हो गई थी। हालांकि, डीजल पर लेवी को खत्म कर दिया गया था, जिसके बाद पेट्रोल की कीमतों में भी राहत देने की मांग उठ रही थी। शहबाज शरीफ ने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के बंद होने की वजह से दुनियाभर में पेट्रोलियम सप्लाई प्रभावित हुई है। इसके कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतें तेजी से बढ़ीं। उन्होंने कहा कि पिछले तीन हफ्तों से तेल की कीमतें रोजाना बढ़ रही थीं, लेकिन हमने आम आदमी की मुश्किलों को देखते हुए इसका बोझ जनता पर नहीं डाला। सरकार ने इस दौरान करीब 129 अरब रुपया की सब्सिडी दी है। मोटरसाइकिल वालों को पेट्रोल पर 100 रुपया प्रति लीटर की अतिरिक्त सब्सिडी दी जाएगी। छोटे किसानों को प्रति एकड़ 1,500 रुपया की वित्तीय सहायता मिलेगी। पाकिस्तान रेलवे के इकोनॉमी क्लास के किरायों में कोई बढ़ोतरी नहीं करने का फैसला किया है। अमेरिका-इजराइल और ईरान जंग के बीच कच्चे तेल की कीमतों में भारी तेजी देखी जा रही है। ब्रैंट क्रूड की कीमत आज 7फीसदी की बढ़त के साथ 110 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंच गया हैं। इससे पहले भारत में भी सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर स्पेशल एक्साइज ड्यूटी में 10-10 रुपया की कटौती की थी। पेट्रोल पर ड्यूटी 13 रुपया प्रति लीटर से घटाकर 3 रुपया, जबकि डीजल पर 10 रुपया से शून्य कर दी गई। एक्साइज ड्यूटी घटाकर पेट्रोल-डीजल के दामों को स्थिर रखा गया है। सिराज/ईएमएस 05अप्रैल26