वारदात: क्षेत्र में दहशत, आरोपी फरार जबलपुर, (ईएमएस)। घमापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मयूरकला मंदिर के पास बीती रात आपसी विवाद के बाद फायरिंग की घटना से क्षेत्र में दहशत फैल गई। गोली लगने से एक युवक घायल हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। घमापुर पुलिस थाने से प्राप्त जानकारी के अनुसार छोटी ओमती उड़िया मोहल्ला निवासी 28 वर्षीय लकी यादव मयूरकला मंदिर के पास अपनी स्वीट्स दुकान के सामने खड़ा होकर आइसक्रीम खा रहा था। उसी दौरान उसके दो साथी निखिल कंजा और बाबू सिंधी भी वहां पहुंच गए। तीनों आपस में बातचीत कर रहे थे। इसी बीच यश थोराट वहां पहुंचा और बाबू सिंधी के साथ अपशब्दों का प्रयोग करने लगा। बाबू सिंधी ने इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया। बताया जा रहा है कि गुस्से में आकर यश थोराट ने जान से मारने की नीयत से पिस्टल निकालकर फायर कर दिया। चली गोली निखिल कंजा के बाएं हाथ में जा लगी। घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलते ही घमापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। लकी यादव की शिकायत पर आरोपी यश थोराट के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296(ए) और 109(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है। सुनील साहू / शहबाज / 05 अप्रैल 2026/ 07.00