05-Apr-2026


पाटन क्षेत्र में डॉक्टर पर नकाबपोशों ने किया अटैक जबलपुर, (ईएमएस)। पाटन थाना क्षेत्र के बगदरी घाटी के पास क्लिनिक बंद कर लौट रहे डॉक्टर को नकाबपोश बाइक सवारों ने चाकू की नोक पर 22 हजार रुपए नगद और चांदी की चैन लूट ली। पाटन पुलिस के अनुसार ग्राम सैलवाड़ा तेंदूखेड़ा निवासी छोटू रैकवार का पाटन के ग्राम पौड़ी कला में क्लिनिक है, जहां वह ग्रामीणों का इलाज करता है। दोपहर करीब एक बजे क्लिनिक बंद कर वह मोटर साइकिल से अपने घर लौट रहा था। रास्ते में बगदरी घाटी के पास उसने मोटर साइकिल खड़ी कर लघुशंका के लिए गया। तभी पीछे से चार नकाबपोश बदमाश पहुंचे और उसकी गर्दन पर चाकू अड़ा दिया। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाता, बदमाशों ने उसके गले से चांदी की चैन और जेब में रखे 22 हजार रुपए निकाल लिए। लूट के बाद बदमाश धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर नकाबपोश लुटेरों की तलाश शुरू कर दी है। सुनील साहू / शहबाज / 05 अप्रैल 2026/ 07.00