- शादी से प्रेमिका के इनकार पर उठाया खौफनाक कदम गुना (ईएमएस)। शहर के कैंट थाना क्षेत्र के अंतर्गत पिपरोदा खुर्द इलाके में रविवार की सुबह एक युवक ने प्रेम प्रसंग के चलते जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। कोल्हूपुरा निवासी राजेश (28), जो श्री खाटू श्याम मंदिर क्षेत्र में दुकान संचालित करता था, ने वैवाहिक बंधन में बंधने की उम्मीद टूटने के बाद यह आत्मघाती कदम उठाया। परिजनों ने गंभीर हालत में उसे शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था, लेकिन करीब डेढ़ घंटे तक चले उपचार के बाद भी उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। अस्पताल की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे अंतिम संस्कार हेतु परिजनों को सौंप दिया है। मृतक के छोटे भाई ने घटना के पीछे की दर्दनाक दास्तां बयां करते हुए बताया कि राजेश पिछले कई वर्षों से एक युवती के साथ प्रेम संबंध में था। दोनों ही विवाह करना चाहते थे और शुरू में लडक़ी भी इस रिश्ते के लिए तैयार थी। परिजनों ने दो-तीन बार युवती के परिवार वालों से चर्चा कर रिश्ते की बात भी चलाई, लेकिन वहां से लगातार नकारात्मक प्रतिक्रिया मिलती रही। भाई के अनुसार, संभवत: पारिवारिक दबाव के चलते हाल ही में युवती ने भी अचानक शादी करने से इनकार कर दिया, जिससे राजेश गहरे सदमे में चला गया था। इसी मानसिक प्रताडऩा के चलते उसने सुबह दुकान के पास ही जहरीला पदार्थ गटक लिया। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है कि क्या युवक को आत्महत्या के लिए उकसाया गया था या यह केवल निजी हताशा का परिणाम था। - सीताराम नाटानी