05-Apr-2026


:: तीन इमली चौराहे पर फाड़ा पोस्टर, अभद्र भाषा का प्रयोग; पुलिस ने शुरू की जांच, एसीपी पहुंचे मौके पर :: इंदौर (ईएमएस)। शहर के वार्ड 64 के पार्षद और मेयर-इन-कौंसिल के सदस्य मनीष शर्मा उर्फ मामा को जान से मारने की धमकी मिलने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। रविवार दोपहर तीन इमली चौराहे पर पार्षद के लगे पोस्टर को फाड़ने के बाद वहां एक धमकी भरी चिट्ठी छोड़ी गई थी। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय पुलिस और एसीपी मौके पर पहुंचे। पार्षद ने भंवरकुआं थाने में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुट गई है। पार्षद मनीष शर्मा ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि तीन इमली चौराहे पर लगा उनका पोस्टर किसी ने फाड़ दिया है। जब वे मौके पर पहुंचे, तो वहां फटे हुए पोस्टर के बीच से एक चिट्ठी बरामद हुई। चिट्ठी में अत्यंत अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई थी। पत्र में एक विशेष वर्ग का उल्लेख करने के साथ-साथ वाइन शॉप और अन्य व्यापारिक मुद्दों को लेकर भी चेतावनी दी गई थी। पार्षद ने तुरंत वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को मामले से अवगत कराया। :: एसीपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण धमकी की गंभीरता को देखते हुए एसीपी विजय चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और साक्ष्य एकत्रित किए। पुलिस चौराहे के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि पोस्टर फाड़ने और चिट्ठी रखने वाले संदिग्धों की पहचान की जा सके। एसीपी ने आश्वस्त किया है कि मामले की तह तक जाकर दोषियों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। :: काम से पीछे नहीं हटूंगा : पार्षद पार्षद मनीष शर्मा ने मीडिया से चर्चा में कहा कि उन्हें पहले भी कई बार धमकियां मिल चुकी हैं, लेकिन वे जनहित के कार्यों और भ्रष्टाचार को उजागर करने से पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने दोटूक शब्दों में कहा कि वे किसी भी धमकी से डरने वाले नहीं हैं और अवैध गतिविधियों के खिलाफ उनकी आवाज जारी रहेगी। फिलहाल पुलिस ने क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। प्रकाश/5 अप्रैल 2025