मनोरंजन
06-Apr-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। हाल ही में लॉस एंजिल्स में हुए एक खास इवेंट में नितेश तिवारी की फिल्म रामायण का टीजर दिखाया गया। अपकमिंग मूवी में अभिनेता रणबीर कपूर भगवान श्रीराम के किरदार में नजर आएंगे। रामायण फिल्म की स्टारकास्ट को लेकर रणबीर कपूर ने बताया कि माता सीता के किरदार के लिए साई पल्लवी से बेहतर कोई और हो ही नहीं सकता था। साई पल्लवी की तारीफ करते हुए रणबीर ने कहा कि वह एक बेहद मंझी हुई एक्ट्रेस हैं और उन्होंने अब तक कमाल का काम किया है। रणबीर कपूर ने रामायण मूवी के सेट का एक दिलचस्प किस्सा शेयर करते हुए बताया, ‘मुझे याद है जब पहले दिन मैंने साई को माता सीता के गेटअप में देखा, तो मैं बस नितेश सर को देखता रह गया। हम दोनों को उसी पल समझ आ गया था कि इस रोल के लिए उनसे बेहतर कोई और हो ही नहीं सकता।’ नितेश तिवारी की ‘रामायण’ में जहां साई पल्लवी की चर्चा हर तरफ है, वहीं यश का रावण बनना भी फिल्म का सबसे बड़ा हाईलाइट माना जा रहा है। फिल्म में राम का किरदार निभा रहे रणबीर कपूर ने यश की तारीफ करते हुए कहा, ‘यश का अपना एक अलग स्टारडम है, रावण जैसे शक्तिशाली किरदार को निभाने के लिए जिस ऑरा और स्क्रीन प्रेजेंस की जरूरत होती है, वह यश में कूट-कूट कर भरी है।’ हालांकि, अभी तक साई पल्लवी और यश के लुक्स को पूरी तरह रिवील नहीं किया गया है, लेकिन रणबीर के राम लुक ने फैंस की उम्मीदें सातवें आसमान पर पहुंचा दी हैं। टीजर में भी सीता के रूप में साई पल्लवी की एक धुंधली सी झलक दिखाई गई है, साथ ही यश के पुष्पक विमान के कुछ बेहद शानदार विजुअल्स भी देखने को मिले हैं, जो दर्शकों को रोमांच से भर देने वाले हैं। बताते चलें कि ‘रामायण’ का टीजर 2 अप्रैल को हनुमान जयंती के खास मौके पर लॉन्च किया गया। इस ग्रैंड इवेंट में डायरेक्टर नितेश तिवारी और प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा तो मौजूद थे, लेकिन सबकी निगाहें फिल्म के राम यानी रणबीर कपूर को ढूंढ रही थीं। रणबीर का इस बड़े इवेंट से गायब होना हर किसी को खटक रहा था और वहां मौजूद मीडिया के बीच भी इसे लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई थीं। सुदामा/ईएमएस 06 अप्रैल 2026