गुना (ईएमएस)। जिले के म्याना थाना क्षेत्र के अंतर्गत रविवार शाम एक ह्रदयविदारक सड़क दुर्घटना सामने आई है। तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाए जा रहे एक ट्रैक्टर ने खेत से घर लौट रही एक वृद्ध महिला को पीछे से जोरदार टक्कर मारते हुए रौंद दिया। हादसा इतना भीषण था कि महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई और उनका शव क्षत-विक्षत हो गया। घटना के बाद आरोपी चालक ट्रैक्टर सहित मौके से फरार होने में कामयाब रहा। - तेज संगीत और बेलगाम रफ्तार बनी काल प्राप्त जानकारी के अनुसार, म्याना निवासी 60 वर्षीय परमो बाई रविवार शाम करीब 4-5 बजे के बीच अपने खेत से काम निपटाकर पैदल घर की ओर लौट रही थीं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि इसी दौरान गांव के ही कारण सिंह का लड़का गोलू कुशवाह ट्रैक्टर को अत्यंत तेज गति और लापरवाही से चलाता हुआ आया। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि ट्रैक्टर में बहुत तेज आवाज में गाने बज रहे थे और चालक मस्ती में झूमते हुए वाहन चला रहा था। उसने पीछे से वृद्ध महिला पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। - परिजनों ने लगाया जानबूझकर हत्या का आरोप इस जघन्य घटना के बाद मृतका के परिजनों में भारी आक्रोश व्याप्त है। परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि आरोपी युवक ने जानबूझकर महिला पर ट्रैक्टर चढ़ाया है। उनके अनुसार, आरोपी पहले भी गांव की गलियों में तेज रफ्तार ट्रैक्टर चलाकर आतंक मचाता रहा है और कई बार लोगों को डराने की कोशिश कर चुका है। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक रुका नहीं और ट्रैक्टर लेकर भाग निकला। - पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और क्षत-विक्षत शव को कब्जे में लेकर एम्बुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल भिजवाया, जहां सोमवार सुबह शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा। म्याना पुलिस ने परिजनों के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपी व ट्रैक्टर की तलाश में दबिश देना शुरू कर दिया है। गांव में इस घटना के बाद से ही तनाव और शोक का माहौल बना हुआ है। - सीताराम नाटानी