राज्य
06-Apr-2026
...


रायपुर(ईएमएस)। राजधानी के कचना इलाके में निर्माणाधीन प्रोजेक्ट साइट पर बड़ा हादसा हो गया, जहां मिट्टी धंसने से एक कारपेंटर की मौत हो गई। घटना खम्हारडीह थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार, रहेजा प्रोजेक्ट की साइट पर क्लब हाउस का निर्माण कार्य चल रहा था, जहां दो दर्जन से अधिक मजदूर काम कर रहे थे। इसी दौरान गुड्डू रवि (32), जो झारखंड के गढ़वा जिले का निवासी था, लगभग 8 फीट गहरे गड्ढे में शटरिंग का काम कर रहा था। अचानक मिट्टी का ढेर उसके ऊपर गिर गया, जिससे वह जिंदा दब गया और दम घुटने से उसकी मौत हो गई। साथी मजदूरों ने उसे निकालने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। मृतक के भाई पुलेंदर कुमार ने आरोप लगाया कि उन्हें पहले बीमारी की सूचना दी गई और घटना की सच्चाई छिपाई गई। बाद में रायपुर पहुंचने पर उन्हें हादसे की जानकारी मिली। घटना के बाद साइट पर सुरक्षा बढ़ा दी गई और मीडिया की एंट्री पर रोक लगा दी गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। खम्हारडीह थाना प्रभारी आईपीएस मान्सी नानाभाई साकुरे ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होगी। सत्यप्रकाश(ईएमएस)06 अप्रैल 2026