रायगढ़(ईएमएस)। जिले के छाल थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते दो लोगों पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को अदालत ने 7 साल के कारावास की सजा सुनाई है। साथ ही आरोपी पर 4,500 रुपए का अर्थदंड भी लगाया गया है। मामला 4 अगस्त 2019 का है। शिकायतकर्ता शैलेष यादव ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि रात करीब साढ़े 9 बजे विवेकानंद कॉन्वेंट स्कूल, नवापारा के पास आरोपी प्रताप बरवा (28) ने अपने साथियों घनाराम और परसराम का रास्ता रोक लिया। आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए हॉकी स्टिक से हमला कर दिया। हमले में घनाराम को गर्दन और कमर में गंभीर चोटें आईं, जबकि परसराम भी घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों को बचाया और डायल 112 की मदद से अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश किया। सुनवाई के दौरान अपर सत्र न्यायाधीश अभिषेक शर्मा ने आरोपी को हत्या के प्रयास का दोषी पाते हुए 7 वर्ष की सजा सुनाई। - सत्यप्रकाश(ईएमएस)06 अप्रैल 2026