जांजगीर(ईएमएस)। जिले के बलौदा क्षेत्र के बुचीहरदी गांव में हुए भीषण सड़क हादसे में पिता-पुत्र की मौत हो गई, जबकि 11 लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, अकलतरा क्षेत्र के अमोरा गांव निवासी रूपेश निर्मलकर अपने बेटे राहुल निर्मलकर, बहू और एक अन्य युवक के साथ रिश्तेदारी कार्यक्रम से लौट रहे थे। बुचीहरदी पेट्रोल पंप के पास पुल के समीप उनकी कार की सामने से आ रही बोलेरो से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद कार सड़क से नीचे उतरकर पलट गई। हादसे में रूपेश निर्मलकर और उनके बेटे राहुल की मौके पर ही मौत हो गई। बहू और एक अन्य युवक घायल हुए हैं, जिन्हें बलौदा के राजकेशर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं बोलेरो में सवार 9 लोगों को मामूली चोटें आई हैं। सभी लोग कोरबा की ओर जा रहे थे। सूचना मिलने पर बलौदा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद परिजनों में शोक का माहौल है। - सत्यप्रकाश(ईएमएस)06 अप्रैल 2026