इन्दौर (ईएमएस) संकट मोचन हनुमंत मंदिर, खेड़ापति आश्रम पिपलिया लोहार में विराट हनुमंत मेले का आयोजन किया गया है। तिल्लौर–शिवनगर मार्ग स्थित आश्रम में आयोजित इस विराट हनुमंत मेले के समन्वयक बीडी तिवारी के अनुसार तप, त्याग और साधना की दिव्य आभा मेले में असंख्य श्रद्धालुओं को अपनी ओर आकर्षित कर रही है। इस आयोजन की आत्मा हैं तपोनिष्ठ संत श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर श्री राजगुरु जी महाराज, जिनकी कठोर साधना ने इस मेले को आध्यात्मिक ऊंचाइयों तक पहुंचा दिया है। तिवारी ने बताया कि महाराज श्री ने नवरात्रि के पावन अवसर पर नौ दिनों तक अन्न-जल का सर्वथा त्याग कर विशेष तपस्या संपन्न की। इस असाधारण साधना के पश्चात वे पुनः अन्न-जल का त्याग करते हुए लोक कल्याण और राष्ट्र उत्थान के दृढ़ संकल्प के साथ 10 अप्रैल से तीन दिवसीय दिव्य भू-समाधि साधना में प्रवेश करेंगे। इस ऐतिहासिक साधना को लेकर श्रद्धालुओं में गहरी आस्था और उत्कंठा का वातावरण बना हुआ है। आयोजन की श्रृंखला में कल 8 अप्रैल को प्रातः 9 बजे भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया जाएगा। साधु-संतों की गरिमामयी उपस्थिति, ढोल-नगाड़ों की गूंज, बैंड की मधुर धुनें, सजे-धजे रथ और श्रद्धालुओं की विशाल सहभागिता इस यात्रा को अविस्मरणीय स्वरूप प्रदान करेगी। मुंबई से विशेष रूप से आई सांस्कृतिक टीम द्वारा प्रस्तुत कार्यक्रम आयोजन की भव्यता में चार चाँद लगाएंगे। इसी दिन दोपहर से पं. विनोद शास्त्री के मुखारविंद से श्रीमद् भागवत कथा का शुभारंभ होगा, जिसमें उपस्थित श्रद्धालु भक्ति और ज्ञान का अमृतपान करेंगे। कथा और साधना के इस पावन संगम से समस्त क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में आकंठ डूब गया है। उन्होंने बताया कि अभी मेले में अखंड हनुमान चालीसा पाठ, रुद्राभिषेक, संत-महात्माओं के प्रेरणादायी प्रवचन तथा अनेक धार्मिक अनुष्ठान अनवरत जारी हैं। वहीं मेले में लगे रंग-बिरंगे झूले बच्चों के विशेष आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं परिवार सहित आए श्रद्धालु धर्म-कर्म के साथ-साथ इस उत्सवी आनंद में भी उत्साहपूर्वक सहभागी हो रहे हैं।आयोजकों के अनुसार यह आयोजन तप, त्याग, भक्ति और सेवा का जीवंत प्रतीक बनकर उभर रहा है और देशभर से लाखों श्रद्धालुओं के इसमें सम्मिलित होने की संभावना है। आनंद पुरोहित/ 06 अप्रैल 2026